Hindi News

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने थलपति विजय, श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके ने भेजा बधाई संदेश, जानें और क्या कहा

Written by:Banshika Sharma
Published:
तमिलनाडु में थलापति विजय ने रविवार को मुख्यमंत्री की शपथ ली। इस दौरान श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आई। राष्ट्रपति दिसानायके ने विजय को शुभकामनाएं दी।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने थलपति विजय, श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके ने भेजा बधाई संदेश, जानें और क्या कहा

तमिलनाडु में 60 साल के लंबे अंतराल के बाद द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) से इतर किसी दल की सरकार बनी है। अभिनेता से नेता बने थलापति विजय ने रविवार, 10 मई 2026 को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसी बीच, भारत के पड़ोसी देश श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को उनके शपथ ग्रहण पर बधाई संदेश भेजा है।

राष्ट्रपति दिसानायके ने अपने संदेश में तमिलनाडु और श्रीलंका के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत रिश्तों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों के बीच इतिहास, संस्कृति, व्यापार और लोगों के बीच गहरे संबंध हैं। श्रीलंका के राष्ट्रपति ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत और श्रीलंका के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग और नए अवसरों की काफी संभावनाएं हैं। दिसानायके ने यह भी कहा कि वह भारत-श्रीलंका की मजबूत साझेदारी के तहत तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर विकास, खुशहाली और तरक्की के लिए काम करने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने तमिलनाडु के लोगों और मुख्यमंत्री विजय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीलंका के लोग भी उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हैं।

रविवार को विजय ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

सी. जोसेफ विजय ने रविवार, 10 मई 2026 को रंगारंग समारोह में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी भी मौजूद थे। यह शपथ ग्रहण जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक क्षण के साथ ही दक्षिणी राज्य में 60 साल में पहली बार द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) से इतर किसी दल की सरकार का गठन हुआ है। 51 वर्षीय अभिनेता से नेता बने विजय के पहले मंत्रिमंडल में युवा और अनुभवी दोनों तरह के नेता शामिल हैं। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख की मुख्य टीम को भी इसमें जगह मिली है।

मुख्यमंत्री विजय ने अपने पहले संबोधन में स्पष्ट किया कि वह किसी राजघराने से संबंधित नहीं हैं, बल्कि लोगों ने उन्हें स्वीकार किया है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि वह झूठे वादे कर उन्हें धोखा नहीं देंगे। विजय ने घोषणा की कि एक नई शासन व्यवस्था का आरंभ हो चुका है और इसके साथ ही वास्तविक, धर्मनिरपेक्ष एवं सामाजिक न्याय का नया युग शुरू हो रहा है। शपथ ग्रहण समारोह में विजय के पिता एस.ए. चंद्रशेखर और उनकी मां शोभा, साथ ही शीर्ष अभिनेत्री तृषा और बड़ी संख्या में आमंत्रित गणमान्य व्यक्ति जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में मौजूद थे। मुख्यमंत्री विजय ने सरकारी फाइलों पर हस्ताक्षर करते हुए अपने पहले बड़े फैसलों को मंजूरी दी। इनमें घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान करना और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल गठित करना शामिल है। राज्यपाल आर.वी. आर्लेकर ने विजय और उनके मंत्रिमंडल के नौ सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले मंत्रियों में द्रविड़ राजनीति के अनुभवी नेता के.ए. सेंगोट्टैयन के साथ-साथ युवा चेहरे डॉ. टी.के. प्रभु और एस. कीर्तना भी शामिल हैं।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma
Follow Us :GoogleNews