राशन को लेकर भड़के BJP सांसद, तहसीलदार को पीटा, रासुका लगाने की मांग

राशन को लेकर भड़के BJP सांसद, तहसीलदार को पीटा, रासुका लगाने की मांग

कन्नौज।
एक तरफ पूरा देश कोरोना से जंग जीतने में लगा हुआ है वही पुलिसकर्मियों-तहसीलदारों औऱ डॉक्टरों से पिटाई के मामले एक के बाद एक सामने आ रहे है। अब भाजपा सांसद पर तहसीलदार से मारपीट का आरोप लगा है।तहसीलदार अरविंद कुमार ने आरोप लगाया है कि बीजेपी सांसद ने अपने समर्थकों के साथ उनके घर में घुस कर उनकी पिटाई की है।पुलिस ने तहसीलदार की तहरीर पर सांसद सहित 4 नेताओं और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।। वही सियासत भी जमकर गर्माई हुई है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के तहसीलदार ने बीजेपी सांसद पर मारपीट का आरोप लगाया है। कन्नौज के तहसीलदार अरविंद कुमार ने आरोप लगाया है कि बीजेपी सांसद सुब्रत पाठक मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ उनके घर में घुस गए और उनके साथ मारपीट की। कन्नौज के बीजेपी सांसद सुब्रत पाठक और उनके समर्थकों पर आरोप लगाते हुए तहसीलदार अरविन्द कुमार ने थाने में प्रार्थना पत्र देते हुए कहा है कि बीजेपी सांसद सुब्रत पाठक ने उनको फोन कर गाली-गलौज की, जबकि मैंने बार-बार कहा कि सूची में जिन लोगों का नाम है, उन्हें चिन्हित करवाकर राशन मुहैया करवाया जा रहा है, लेकिन उन्होंने धमकी दी कि मैं तुम्‍हें मारने तहसील आ रहा हूं।तहसीलदार ने कहा कि मैं डर गया और मैंने घटना की जानकारी एडीएम साहब और एसडीएम साहब को दी, जिसको लेकर एसडीएम साहब ने मुझे घर जाने को कहा, इस पर मैं अपने घर चला आया, लेकिन मेरे सरकारी आवास पर सांसद अपने 20-25 समर्थकों के साथ पहुंचे और जोर-जोर से दरवाजा पीटने लगे। यह देख मेरी पत्नी और बच्चे डर गए।जब मैं बाहर आया तो उन्होंने पूछा, राशन क्यों नहीं दिया। इस पर मैंने कहा कि चिन्हित कर राशन मुहैया करवाया जा रहा है, लेकिन सांसद ने मेरी एक ना सुनी और गाली देते हुए मुझे मारना शुरू कर दिया। यह देख उनके समर्थक भी मुझे पीटने लगे।

वहीं दूसरी ओर सांसद सुब्रत पाठक ने तहसीलदार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब मैंने जनता तक राशन न पहुंचने की बात कही तो वे गाली-गलौज करने लगे और जब समर्थक शिकायत करने वालों की सूची लेकर पहुंचे तो उन्हें डंडे से पीटा।मारपीट के मामले में भाजपा सांसद पर मुकदमा दर्ज होने के बाद अब सियासी बयानबाजी भी गर्म हो गई है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने यादव ने रासुका की कार्रवाई करने की बात कही है तो बसपा प्रमुख मायावती ने ट्विट करके सांसद को अबतक जेल न भेजने पर सवाल उठाया है। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भी घटना की निंदा की है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews