डिलीवरी बॉय ने पता पूछा तो महिला ने किया चाकू से हमला, पुलिस वैन में भी तोड़फोड़ की कोशिश

भोपाल में नशे के लिए मंदिरों से एंटिक समान चुराने वाली महिला चोर गिरफ्तार

Woman attacks delivery boy with knife on asking for address : किसी से पता पूछना कोई नई बात नहीं। भले ही गूगल मैप्स ने सारे रास्तों को दिखाने का जिम्मा ले लिया हो लेकिन आज भी बीच राह रुककर किसी से पता पूछना ज्यादा भरोसेमद लगता है। और हमारे यहां लोग इस मामले में बहुत दिलदार भी हैं..बाकायदा इस तरह रास्ता बताते हैं कि मजाल है फिर कोई भटक जाए। आप कहीं भी रुककर किसी भी अनजान शख्स से रास्ता पूछ देखिए, अगर उसे पता होगा तो वो जरुर बताएगा। लेकिन क्या आप इस बात की कल्पना कर सकते हैं कि महज रास्ता पूछने पर कोई किसी के ऊपर चाकू से हमला कर दे।

पता पूछने पर चाकू से हमला 

ये चौंकाने वाली घटना सामने आई है दिल्ली से। द्वारका सेक्टर-23 स्थित डीडीए फ्लैट में ऑनलाइन ग्रॉसरी साइट ब्लिंकिट का एक डिलीवरी बॉय आया। वो फ्लैट के नंबर को लेकर कुछ गड़बड़ा गया और ऐसे में उसने इस महिला से सही पता पूछ लिया। बस इतना भर था कि महिला ने उसके ऊपर चाकू से हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक आरोपी महिला ने तीन से चार बार गोलू नाम के डिलीवरी बॉय पर चाकू से हमला किया। इस दौरान उस युवक की चीख पुकार सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और रोकने की कोशिश करने लगे। लेकिन महिला इतनी बिफरी हुई थी कि वो लोगों को भी चाकू दिखाकर धमकाती रही।

आरोपी महिला गिरफ्तार

इस बीच किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला से किसी तरह चाकू छीना। लेकिन वो इतने तैश में थी कि उसने अब डंडा उठाकर पुलिस की पीसीआर वैन सहित कई दूसरी गाड़ियों में तोड़फोड़ की कोशिश की। पुलिस ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने महिला पुलिसकर्मी के बाल नोंच लिए। ये सारी घटना सोसाइटी के सीसीटीवी में कैद हो गई है। आसपास के लोगों का कहना है कि 42 साल की ये महिला पहले भी इस तरह दूसरों को परेशान करने वाली हरकतें करती रही है। वो यहां अकेले किराए से रहती है और उसकी इन हरकतों से आसपास वाले काफी परेशान हैं। फिलहाल घायल डिलीवरी बॉय को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और द्वारका सेक्टर-23 थाना पुलिस ने महिला के खिलाफ अलग अलग धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews