
Neemuch News : नीमच शहर के जेतपुरा फंटे पर पुलिस पर हमला हुआ है। जिसमें राजस्थान पुलिस के एक एसआई को गोली लगी, जिन्हें प्राथमिक उपचार देकर उदयपुर रैफर कर दिया गया है। मामले को लेकर नीमच के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश (एएसपी) ने बताया कि घटना बुधवार-गुरुवार की रात 12 बजे लगभग की है। जब निम्बाहेड़ा की सदर थाना पुलिस मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र से 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें स्कोर्पियो में निम्बाहेड़ा ले जा रही थी। इस दौरान नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा (फोर लाइन) के पास बाइक पर सवार अज्ञात दो बदमाश वहां पहुंचे और बारह बोर बन्दूक से पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
SI को मारी गोली
वहीं, सदर थाने के सब इंस्पेक्टर नानूराम गेहलोत (एसआई) की सर्विस पिस्टल को छीनकर उसी से एसआई की जांघ पर गोली मार दी। जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। जिसके बाद दोनों बदमाश तीनों आरोपियों को अपने साथ लेकर फरार हो गए। इधर, घायल अवस्था में एसआई को नीमच लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने के चलते उदयपुर रैफर कर दिया गया।
आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही निम्बाहेड़ा सदर थाना प्रभारी फूलचंद टेलर (सीआई) और टीम व नीमच पुलिस मौके पर पंहुची। एडिशनल एसपी कनेश ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीम बनाकर आसपास के क्षेत्र में घेराबन्दी की जा रही है। फिलहाल, इस मामले में आरोपियों की तलाश जारी है।
नीमच से कमलेश सारडा की रिपोर्ट
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

