जांच के दौरान कॉलेज में हंगामा: प्रोफेसर पर सहकर्मी से मारपीट का आरोप, थाने पहुंचा मामला

आरोप है कि बयान से नाराज होकर प्रोफेसर दीपा कुमावत ने संबंधित प्रोफेसर के साथ अभद्रता करते हुए उसके बाल खींचे और मारपीट की। इस घटना से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और अन्य प्राध्यापक एवं छात्र छात्राएं  मौके पर एकत्र हो गए।
Neemuch Jiran College controversy

Neemuch Jiran College controversy

नीमच जिले के जीरन स्थित शासकीय महाविद्यालय में उज्जैन संभाग से आई जांच टीम की मौजूदगी में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। जांच के दौरान प्रोफेसर दीपा कुमावत के संबंध में अन्य प्राध्यापकों से पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान एक प्रोफेसर द्वारा दीपा कुमावत के खिलाफ बयान दिए जाने पर माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।

कॉलेज परिसर में मची अफरा-तफरी

आरोप है कि बयान से नाराज होकर प्रोफेसर दीपा कुमावत ने संबंधित प्रोफेसर के साथ अभद्रता करते हुए उसके बाल खींचे और मारपीट की। इस घटना से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और अन्य प्राध्यापक एवं छात्र छात्राएं  मौके पर एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना से कॉलेज का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हुआ और स्टाफ में भय का वातावरण बन गया।

घटना के विरोध में कॉलेज के कई प्राध्यापक, छात्र और नगर के जनप्रतिनिधि जीरन थाने पहुंचे और प्रोफेसर दीपा कुमावत के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की घटना से शिक्षा संस्थान की गरिमा को ठेस पहुंची है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना जरूरी है।

पुलिस ने शुरू की जाँच 

जीरन थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं कॉलेज प्रबंधन भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews