
Police Station Manasa Neemuch
नीमच जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में गुरुवार को मनासा थाना पुलिस को एक बड़ी और अहम सफलता हाथ लगी है। मनासा थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए इलाके के कुख्यात ‘आईपीएल सट्टा किंग’ कमल सिंधवानी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ दबिश के बाद मनासा और आसपास के सट्टा कारोबारियों में भारी हड़कंप मचा हुआ है।
सूत्रों के अनुसार कमल सिंधवानी लंबे समय से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आईपीएल मैचों पर सट्टे का नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस को उसके पास से करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन और हिसाब-किताब मिलने की पुख्ता सूचना है, साइबर मामलों के जानकार माने जाने वाले थाना प्रभारी निलेश अवस्थी और उनकी विशेष टीम इस पूरे सट्टा नेटवर्क के तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों व दस्तावेजों को खंगालने का काम लगातार जारी है।
आईडी देने वाला राकेश ठाकुर घर पर ताला लगाकर फरार
मुख्य आरोपी कमल सिंधवानी की गिरफ्तारी की भनक लगते ही नेटवर्क से जुड़े अन्य प्रमुख गुर्गे भूमिगत हो गए हैं। ग्राहकों और सट्टेबाजों को ऑनलाइन दांव लगाने के लिए ‘सट्टा आईडी’ उपलब्ध कराने वाला अहम गुर्गा राकेश कुशवाह उर्फ ठाकुर अपने घर पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गया है। पुलिस सरगर्मी से उसकी और उसके संभावित ठिकानों की तलाश में जुटी हुई है।
कई और सटोरिए रडार पर, धरपकड़ जारी
मनासा पुलिस की इस अचानक और बड़ी कार्रवाई से अवैध सट्टा बाजार में दहशत का माहौल है। क्षेत्र के कई छोटे-बड़े सटोरिए पुलिस की रडार पर हैं और गिरफ्तारी के डर से फरार बताए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि गिरफ्तार सट्टा किंग कमल सिंधवानी से पूछताछ और जब्त डेटा की विस्तृत जांच के बाद नेटवर्क से जुड़े कई और सफेदपोश नाम सामने आ सकते हैं। पुलिस का जांच अभियान और फरार आरोपियों की धरपकड़ अभी जारी है।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

