
Panna News : मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में राजस्व विभाग और पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की गई है। दरअसल, यहां सरकारी जमीन पर एक दबंग ने अतिक्रमण करने का प्रयास किया था, जिसकी शिकायत ग्रामीण और स्कूल प्रबंधन द्वारा एसडीएम को की गई थी। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। मौके पर पहुंची टीम ने मुआयना कर पंचनामा बना लिया है। साथ ही अतिक्रमण हटाने का प्रतिवेदन भी तैयार किया गया है।
रैपुरा कस्बा का मामला
दरअसल, मामला रैपुरा कस्बा का है, जहां गांव में रहने वाले दिलीप प्रजापति ने करीब 2 साल पहले सरकारी कन्या हाई स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया था। ग्रामीण से मिली जानकारी के अनुसार, उसने यहां बाउंड्रीवॉल और लोहे के खंबे को नुकसान पहुंचाया है, जिससे परेशान होकर स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों ने मिलकर एसडीएम से इसकी शिकायत की। जिसे गंभीरता से लेते हुए राजस्व की टीम यहां पहुंची और अतिक्रमण चिन्हित कर दिलीप प्रजापति को हिदायत दी गई है।
आगे की कार्रवाई जारी
मामले को लेकर स्कूल प्राचार्य का कहना है कि बगल में ही भवन निर्माण किया जा रहा है। इसलिए वहां जबरदस्ती रास्ता बनाने का प्रयास किया जा रहा है। आज यानी शनिवार को लोहे के एंगल को हटाकर तार फेंसिंग को पीछे कर दिया गया। जिसका विरोध करने पर निर्माण कर रहे व्यक्ति ने कर्मचारी के साथ अभद्रता की। जिसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। फिलहाल, थाना प्रभारी मनोज कुमार यादव का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

