
Panna News : पन्ना से बड़ी खबर सामने आई है, जहां जहरीली गैस से पिता-पुत्र की मौत हो गई। वहीं, उन्हें बचाने गए दूसरे बेटे की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद कटनी रेफर कर दिया गया है। जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इधर, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही, जांच में जुट गई है।
लुधगवां गांव का मामला
दरअसल, मामला शाहनगर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत परसवारा के लुधगवां गांव का है। जब आज सुबह करीब 10 बजे मृतक किसान मर्रू सिंह अपने दो बेटों के साथ खेत पर गए। जिसके बाद मर्रू और उनका छोटा बेटा गुलजार रस्सी के सहारे कुएं में उतर गए। तभी वो बेहोश होने लगे। जिन्हें बचाने के लिए उनका बड़ा बेटा कल्याण भी कुएं में उतर गया, जहां तीनों का दम घुटने लगा। तीनों मदद के लिए आवाज लगाने लगे।
गांव में मातम का मौहाल
वहीं, आसपास मौजूद लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि तीनों बेहोश हैं। जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस व परिजनों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को बेहोशी की हालत में ही कुएं से बाहर निकलवाया और शाहनगर अस्पताल ले गई, जहां पिता सहित एक बेटे की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। इधर, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। पूरे गांव में मातम का मौहाल बना हुआ है।
जांच में जुटी पुलिस
मामले को लेकर पवई एसडीओपी सौरव रत्नाकर ने बताया कि इस घटना के बाद कुएं को सील कर दिया गया है। पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारी कुएं में बनी जहरीली गैस की जांच करा रहे हैं। दरअसल, किसान मर्रू अपने बेटे के साथ खेत में बने इस कुएं में बोरवेल के मोटर को निकालने के लिए नीचे उतरे थे। जिसकी गहराई करीब 25 फीट थी। मर्रू ने कम पानी होने के कारण कुएं के अंदर ही बोरवेल करवाया था। जिसमें मोटर डालकर सिंचाई का कार्य किया जाता था जो कि खराब हो गई थी। जिसे निकालने के क्रम में यह हादसा हो गया।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

