
Panna News : मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने भाजपा के गुनौर मंडल अध्यक्ष महेंद्र ओमरे के भाई के घर पर छापेमार कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने देशी और विदेशी अंग्रजी शराब जब्त की है। जिसकी कीमत 16 हजार रुपए बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई भी जारी है। आइए जानते हैं विस्तार से…
देवेंद्रनगर का मामला
दरअसल, मामला देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र के श्यामरडांड़ा गांव का है। बता दें कि ग्रामीणों ने आरोपी हरिकिशन के घर को घेर लिया और वहां शराब होने की सूचना पुलिस को दी। साथ ही जमकर प्रदर्शन भी दिया। उनका कहना है कि अवैध शराब की बिक्री के कारण युवा पीढ़ी पर इसका नकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। इसलिए उन्होंने इस मुद्दे को उजागर किया है। शराब के कारण गांव में आए-दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम का गठन किया और मौके पर पहुंचकर घर की तलाशी ली गई।
होगी जांच
देवेंद्रनगर थाना प्रभारी आर एस सोनकर ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही एक बार फिर उनके परिवार का नाम सामने आया है। दरअसल, इससे पहले महेंद्र ओमरे के खिलाफ अवैध शराब को लेकर शिकायत दर्ज है। फिलहाल, घटना की जांच जारी है। वहीं, भाजपा के जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा का इस मामले को लेकर यह कहना है कि पार्टी अपने स्तर से इसकी जांच करवाएगी और मंडल अध्यक्ष की संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़े कदम भी उठाए जाएंगे।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

