
राजस्थान के स्कूली छात्रों के लिए अच्छी खबर है। इस बार सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए 2026 का ग्रीष्मकालीन अवकाश (Summer Vacation) काफी खास होने वाला है। बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन राजस्थान अजमेर ने नया शैक्षणिक कार्यक्रम जारी कर (Rajasthan School Academic Calendar 2026) दिया है। इसके तहत बोर्ड और अन्य परीक्षाओं के बाद 1 अप्रैल से स्कूलों में नियमित पढ़ाई शुरू होगी, जो 15 मई 2026 तक चलेगी।
इसके बाद 16 मई से 20 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। 21 जून से स्कूलों का संचालन फिर से शुरू होगा और नए सत्र की पढ़ाई होगी। इस बात की जानकारी राजस्थान बोर्ड ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से दी है। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित कैलेंडर के अनुसार ही शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन करें।
ग्रीष्मकालीन अवकाश शेड्यूल
- छुट्टियों की शुरुआत: 16 मई 2026
- छुट्टियों की समाप्ति: 20 जून 2026
- स्कूल पुनः खुलने की तारीख: 21 जून 2026
- कुल अवधि: लगभग 36 दिन
10 साल बाद हुआ बड़ा बदलाव
- अब तक राजस्थान में नया शैक्षणिक सत्र 1 जुलाई से शुरू होता था, लेकिन 2026 से इसे बदलकर 1 अप्रैल कर दिया गया है। इसका मतलब है कि छात्र अप्रैल से 15 मई तक नई कक्षा की पढ़ाई करेंगे और फिर 16 मई से उनकी छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। यह बदलाव सीबीएसई (CBSE) के पैटर्न की तर्ज पर किया गया है ताकि पाठ्यक्रम समय पर पूरा हो सके।
- ग्रीष्मकालीन अवकाश के पहले छात्रों को मार्च-अप्रैल में रविवार के साथ अन्य कई छुट्टियों का भी लाभ मिलेगा। मार्च में संडे की 5 छु़ट्टियों के अलावा 2 मार्च को होली, 3 मार्च को धुलंडी, 20 को चेटीचंड, 21 को ईद, 26 को रामनवमी और 31 मार्च को महावीर जंयती की छुट्टी मिलेगी। अप्रैल में गुड फ्राइडे से लेकर परशुराम जयंती तक 8 छुट्टियां रहेंगी।
राजस्थान बोर्ड :- 1 अप्रैल से स्कूल खुलने के बाद 15 मई तक होगी पढ़ाई, 16 मई से 20 जून तक रहेगा ग्रीष्मकालीन अवकाश, 21 जून से स्कूलों का संचालन फिर से होगा शुरू ll @Rajasthanboard #RajasthanBoard2026 ll #rbse ll #rbsenews
— Board of Secondary Education Rajasthan Ajmer (@Rajasthanboard) February 27, 2026
12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

