लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन शगुन: सीएम डॉ. मोहन यादव ने खाते में डाले 1500 रुपए, कुरावर में कॉलेज खोलने सहित कई बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने नरसिंहगढ़ में आयोजित लाड़ली बहना योजना कार्यक्रम में 1.26 करोड़ बहनों को मासिक किस्त के साथ रक्षाबंधन का तोहफा भी दिया। कार्यक्रम के दौरान बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी और उनका सम्मान किया। सीएम ने कार्यक्रम स्थल पर स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और बहनों से संवाद किया।
CM Mohan Yadav

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज नरसिंहगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में लाड़ली बहनों को 1250 की मासिक किस्त के अतिरिक्त ‘रक्षाबंधन शगुन’ की राशि 250 रुपए का सिंगल क्लिक से अंतरण किया। इस अवसर पर लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री को विशाल राखी भेंट की और उनकी कलाई पर भी राखी बांधी।

लाड़ली बहना योजना की मासिक किस्त अंतरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्व सहायता समूहों द्वारा लगाई गई विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और बहनों से संवाद भी किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री चैतन्य कुमार कश्यप, राज्य मंत्री गौतम टेटवाल एवं नारायण सिंह पंवार, सांसद रोडमल नागर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

लाड़ली बहना योजना की मासिक किस्त और राखी का तोहफा  

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में आयोजित लाड़ली बहनों को मासिक किस्त एवं अतिरिक्त ‘रक्षाबंधन शगुन’ राशि के अंतरण कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने 1 करोड़ 26 लाख से ज्यादा बहनों के खाते में 1541.76 करोड़ से अधिक की राशि का अंतरण सिंगल क्लिक से किया। योजनांतर्गत मासिक किस्त के साथ सभी बहनों के खाते में ‘रक्षाबंधन शगुन’ के रूप में 250 रुपए का अंतरण भी किया। इससे पहले राजगढ़ में आयोजित रोड शो में स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने की बड़ी घोषणाएं

लाड़ली बहना योजना अंतर्गत राशि अंतरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कई बड़ी घोषणाएं की। उन्होंने बैजनाथ महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार और चार प्रमुख स्थानों पर प्रवेश द्वार बनाने की घोषणा की। सीएम ने मंच से कलेक्टर को लाड़ली बहनाओं के वंचित गाँव बरखेड़ी, भोपालपुरा, भाटपुरा सहित कई अन्य गांवों को पोर्टल से जोड़ने के निर्देश दिए। इसी के साथ उन्होंने कुरावर में कॉलेज खोलने की घोषणा भी की। आम नागरिकों के लिए पेयजल और किसानों को सिंचाई की सुविधा के लिए नेवज नदी को नर्मदा-कालीसिंध परियोजना से जोड़ने की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि मेट्रोपॉलिटन सिटी के माध्यम से राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़-ब्यावरा जिलों को जोड़ा जाएगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews