Rajgarh News : कीटनाशक पीने से महिला की मौत, 3 माह पूर्व भाईयों ने कर दी थी पति की हत्या

BHOPAL GIRL TRAGEDY

BHOPAL COLLAGE GIRL mystery

Rajgarh News : राजगढ़ जिले के माचलपुर में महिला ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। महिला जमींदार मोहल्ले में अपनी सास श्यामकुँवर व ननंद सपना कुंवर के साथ किराये से रह रही थी। जानकारी के अनुसार धानोदा निवासी नीतू कुंवर पति लखन कुंवर, जाति-राजपूत, उम्र-26 वर्ष अपनी ननंद व सास के साथ माचलपुर किराये से मकान लेकर रह रही थी।

ननंद सपना कुंवर ने बताया, कि मैं और मेरी माँ श्यामकुँवर शनिवार को दोपहर में हमारी जमीन की बुआई करने ग्राम-धानोदा में गये थे। जब रविवार को सुबह मैं मेरी माँ के साथ जमींदार मोहल्ला स्थित घर पहुँचे, तो हमने देखा कि मेरी भाभी नीतू कुंवर घर के अन्दर पलंग पर उल्टी पड़ी हुई थी। हमने उसके कपड़े सही कर उसे पलंग पर व्यवस्थित किया एवं पुलिस को सूचना दी। प्रात: 9:30 बजे करीब पुलिस मौके पर पहुँची और मृतिका के शव को कब्जे में लेकर जाँच शुरू की। मृतिका के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है।

2 माह की बच्ची रात भर शव के पास रोती रही

मृतिका के शव के पास उसकी दो माह की बच्ची सुरक्षित स्थिति में थी, जो कि मृतिका की सास के पास है। मोहल्ले वालों ने बताया, कि रात भर बच्ची के रोने की आवाज आती रही। एक माह पूर्व 1 जून को मृतिका नीतू कुँवर अपनी ननंद व सास के साथ ग्राम-धानोदा से माचलपुर रहने आ गई थी। पड़ोसियों ने बताया, कि वह अकेले रहा करती थी, किसी से कोई बात नहीं करती थी। महिला के पास से सुसाइट नोट मिला है, जिसकी पुलिस जाँच कर रही है।

3 माह पूर्व मृतका के भाईयों ने कर दी थी पति की हत्या

नीतू कुंवर ने ग्राम धानोदा के लखन राजपूत से घर वालों की मर्जी के खिलाफ कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसके बाद 4 अप्रैल को माचलपुर थाना क्षैत्र के ग्राम धानोदा में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया था। जिसमें नीतू कुँवर के भाईयों ने उसके पति लखन राजपूत की निर्मम हत्या कर दी थी । उस समय नीतू ने कहा था, कि वह अपने पति लखन के बगैर नहीं जी सकती। यदि उसे कुछ हुआ तो वह भी आत्महत्या कर लेगी।
मामले का खुलासा करते हुए माचलपुर पुलिस ने 1 नाबालिक सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया था, जहाँ से उन्हे जेल भेज दिया गया था। अभी फिलहाल तीनों आरोपी जेल में हैं।

पति की हत्या के समय नीतू 8 माह की गर्भवती थी। हत्या के 1 माह के बाद बाद 7 मई को उसने बेटी को जन्म दिया था। ननंद सपना कुँवर ने आरोप लगाया, कि परिवार वालों को भाभी के घर वालों से जान का खतरा था। इसलिये मेरी भाभी 1 जून से माचलपुर जमींदार मोहल्ले में किराये से मकान लेकर रहने आ गई थी। हम भी उनके साथ रहते थे। भाई की हत्या के बाद हमारे खेत पर काम करने के लिये मजदूर तक नहीं मिल रहे थे, जिसके कारण हम माँ और बेटी खेत पर बुआई करने के लिये हमारे ग्राम-धानोदा गये हुए थे।

पुलिस कर रही है जाँच

थाना प्रभारी जितेन्द्र अजनारे ने बताया, कि हमने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया था। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल नीतू कुंवर की मौत के मामले की जाँच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा हो पायेगा।
राजगढ़ से जितेन्द्र राठौर की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews