रतलाम में मरीज के परिजनों ने डॉक्टर से की मारपीट, हड़ताल पर बैठे स्वास्थ्यकर्मी

रतलाम में मरीज के परिजनों ने डॉक्टर से की मारपीट, हड़ताल पर बैठे स्वास्थ्यकर्मी

Ratlam News: रतलाम के जिला अस्पताल में मरीज के परिजनों ने नर्स के साथ हाथापाई करने के साथ ड्यूटी डॉक्टर से मारपीट की। घटना से नाराज डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने कामकाज बंद कर हड़ताल कर दी। अस्पताल का काम ठप होने से मरीज परेशान होते दिखाई दिए। जिला अस्पताल के साथ बाल चिकित्सालय और एमसीएच हॉस्पिटल में भी हड़ताल कर दी गई।

डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल के चलते अस्पताल का काम प्रभावित हो रहा था। ये देखकर एसडीएम जिला अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से चर्चा करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम की समझाइश के बाद डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल खत्म की ओर कामकाज शुरू हो सका।

जानकारी के मुताबिक आज सुबह कुछ लोग मरीज को तबीयत खराब होने के चलते जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां पर डॉ प्रणव मोदी ने चेकअप कर ईसीजी कराने को बोला था। परिजन मरीज को लेकर ईसीजी वार्ड में पहुंचे और यहां पर जल्दी ईसीजी करने की बात पर नर्स रंजना सोलंकी के साथ विवाद करते हुए हाथापाई करने लगे। इस दौरान डॉ विपिन कुमार दुबे मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया तो लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मामला गर्माता देख अन्य कर्मचारी वहां पर पहुंचे और बीच बचाव किया। इस दौरान मारपीट करने वाले आरोपित धमकी देकर वहां से चले गए। डॉक्टर के साथ मारपीट किए जाने की खबर जैसे ही पूरे अस्पताल में फैली सभी ने कामकाज बंद कर हड़ताल शुरू कर दी और एक जगह इकट्ठा होकर नारेबाजी करने लगे।

हड़ताल कर रहे डॉक्टर और सभी कर्मचारी यह मांग कर रहे थे कि यहां पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जानी चाहिए और आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इसके बाद एसडीएम संजीव केशव पांडे और एसपी हेमंत सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और डॉक्टरों से चर्चा कर हड़ताल को खत्म करवाया। वहीं स्टेशन रोड पुलिस ने डॉक्टर दुबे की शिकायत पर आरिफ, संजाब और मोहम्मद फिरोज के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत मारपीट का प्रकरण दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews