मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर बसे पलसोड़ी गांव में आवारा कुत्तों का आतंक देखने को मिला है। गुरुवार की शाम को घर के आंगन में आराम से खेल रही तीन साल की मासूम बच्ची पर एक कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। इस खतरनाक हमले में बच्ची के सिर और पेट पर बहुत गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के वक्त बच्ची के माता-पिता मजदूरी करने के सिलसिले में अजमेर गए हुए थे जबकि उसके दादा-दादी खेत पर काम करने गए थे। घर पर बच्ची अकेली खेल रही थी तभी यह हादसा हो गया। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों के दिलों में डर बैठ गया है।
ये भी पढ़ें
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर दौड़ीं आसपास की महिलाएं
जानकारी के मुताबिक जब आवारा कुत्ते ने बच्ची पर हमला किया, तो उसकी चीख सुनकर आसपास के घरों की महिलाएं तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचीं। महिलाओं ने जैसे-तैसे कुत्ते को भगाया, लेकिन तब तक बच्ची की हालत बहुत ज्यादा बिगड़ चुकी थी। लोगों ने बताया कि उस कुत्ते ने सिर्फ बच्ची पर ही हमला नहीं किया बल्कि आंगन में बंधी हुई एक गाय को भी अपना निशाना बनाया और उसे भी काट लिया।
