
Rewa News : मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों ने सड़क से छोटी फोर व्हीलर निकलने पर ₹5000 का इनाम घोषित किया है। जिससे यह पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, करोड़ों की लागत से बनी यह सड़क सालभर के अंदर ही जर्जर हो गई। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि इस रास्ते से निकलना मुश्किल हो चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क को एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी के लिए बनाया गया था, लेकिन अब इसकी हालत खराब हो चुकी है।
आवागमन में होती है परेशानी
दरअसल, मामला एयरपोर्ट के ठीक पीछे स्थित गांव का है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बहुत ही जल्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल तरीके से रीवा एयरपोर्ट का उद्घाटन किया जाएगा। जिसके लिए सभी प्रकार की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है, लेकिन जो बेसिक सुविधा है उसपर प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बता दें कि इस एयरपोर्ट पर 72 सीटर हवाई जहाज उतरने की मंजूरी मिल चुकी है। ऐसे में सड़क की खराब अवस्था लोगों के लिए परेशानी बन रही है, उन्हें आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
नहीं हो रही सुनवाई
स्थानीय निवासी नारेंद्र कुमार मिश्रा और विनोद कुमार शुक्ला का कहना है कि इस सड़क से रोजाना गांव के लोग निकालते हैं। इसे पार करने के लिए समय से पहले निकालना पड़ता है। आए-दिन यहां लोग हादसे का शिकार होते हैं। बच्चों को भी स्कूल जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह सड़क नेशनल हाईवे 30 से लिंक है। ऐसे में अगर किसी प्रकार की कोई इमरजेंसी आती है, तो उन्हें काफी मुश्किल हालातों का सामना करना पड़ेगा। कई बार ग्रामीणों द्वारा इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों को की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

