
Rewa News : मध्य प्रदेश के रीवा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक महिला अपनी दो बेटियों के साथ टमस नदी के पुल से छलांग लगा ली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने जिला मुख्यालय से होमगार्ड के गोताखोर और SDERF की टीम को अवगत कराया। जिसके बाद तत्काल घटनास्थल पर पहुंचते हुए राहत व बचाव दल ने सर्चिंग शुरू कर दी। इस दौरान महिला की लाश बरामद कर ली गई है जबकि दोनों बच्चों की तलाश जारी है।
पुलिस ने दी ये जानकारी
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से महिला की चप्पलें बरामद की गई हैं। वहीं, सोहागी थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि गुरुवार की रात उन्हें ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली। तभी वो पूरे दलबल के साथ वहां पहुंचे। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने बताया कि राधा देवी तिवारी पति उमाशंकर 35 वर्ष, बड़ी बेटी सृष्टि तिवारी 7 वर्ष और मुन्नू तिवारी 4 महीने से लापता है।
गांव में पसरा मातम
ग्रामीणों के मुताबिक, घर में पारिवारिक कलह से परेशान होकर महिला ने इतना बड़ा कदम उठाया। वहीं, इस घटना की जानकारी लगते ही मायके वाले भी पहुंच गए हैं। फिलहाल, महिला के शव का मर्ग कायम करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है जबकि दोनों बच्चियों की तलाश अभी जारी है। इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

