सागर BMC में महिला रेजिडेंट डॉक्टर से अभद्रता का आरोप, जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

JDA ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और महिला स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि 24 घंटे के भीतर मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
Junior Doctors Strike, Sagar

Junior Doctors Strike, Sagar

सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ कथित छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) ने शुक्रवार से मेडिकल कॉलेज में पूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। एसोसिएशन का कहना है कि इस दौरान आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हैं।

JDA के अनुसार, गुरुवार की रात इमरजेंसी मेडिसिन विभाग की कैजुअल्टी ओपीडी में ड्यूटी के दौरान प्रथम वर्ष की एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ मरीज और उसके परिजनों ने रूप से छेड़छाड़ की, अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। संगठन का आरोप है कि घटना के समय अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी और ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय लापरवाही बरती।

प्रशासन को ज्ञापन सौंपा

जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ने इस संबंध में कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में घटना की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने, 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की भूमिका की जांच कराने और अस्पताल के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की गई है। इसके अलावा रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान महिला डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए स्थायी सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने और कॉलेज परिसर में 24 घंटे पुलिस चौकी तथा पुलिस बल की तैनाती की मांग भी की गई है।

मांगें पूरी न होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. व्योम कृष्ण तिवारी ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई और उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो सेंट्रल और स्टेट JDA अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। वहीं, JDA मध्यप्रदेश के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र प्रताप ने कहा कि महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ हुई घटना के विरोध में BMC सागर में शुक्रवार से पूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शनिवार तक संगठन की मांगें पूरी नहीं हुईं तो पूरे मध्यप्रदेश में राज्यव्यापी हड़ताल की जाएगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews