सागर के कटरा बाजार में राखी की दुकान में करंट फैलने से दुकानदार की मौत, बाजार में मचा हड़कंप

सागर के कटरा बाजार में रक्षाबंधन से पहले बड़ा हादसा हो गया। दरअसल अस्थायी राखी बाजार की लोहे की गुमटियों में करंट फैलने से राखी विक्रेता विजय जैन की मौत हो गई जबकि एक बच्चा भी करंट की चपेट में आया है।
सागर के कटरा बाजार में राखी की दुकान में करंट फैलने से दुकानदार की मौत, बाजार में मचा हड़कंप

सागर के कटरा बाजार में शनिवार को रक्षाबंधन की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। दरअसल अस्थायी राखी बाजार में अचानक करंट फैलने से 45 वर्षीय दुकानदार विजय जैन उर्फ कक्का की मौत हो गई। घटना में एक बच्चा भी करंट की चपेट में आया जिसे समय रहते बचा लिया गया। हादसे के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

बता दें कि रक्षाबंधन के चलते कटरा बाजार में बड़ी संख्या में अस्थायी राखी की दुकानें लगाई गई थीं। इन्हीं दुकानों के लिए लोहे की गुमटियां बनाई गई थीं और उनमें बिजली की लाइन से सप्लाई दी गई थी। शनिवार को अचानक बिजली लाइन में कट लगने से लोहे की गुमटियों में करंट फैल गया। इसी दौरान सबसे पहले एक बच्चा करंट की चपेट में आया। कुछ ही देर बाद सातवें नंबर की राखी दुकान चला रहे विजय जैन उर्फ कक्का भी करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।

कटरा बाजार करंट हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद आसपास मौजूद दुकानदार तुरंत मदद के लिए आगे आए। उन्होंने विजय जैन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं करंट की चपेट में आए बच्चे की जान बच गई। घटना की खबर फैलते ही कटरा बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

व्यापारियों के मुताबिक रक्षाबंधन के कारण बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी थी। ऐसे समय हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। लोगों का कहना है कि अस्थायी दुकानों में बिजली की व्यवस्था होने के बावजूद सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं दिखे। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाना शुरू किया। अधिकारियों ने बिजली व्यवस्था और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

व्यापारियों ने कार्रवाई की मांग उठाई

वहीं विजय जैन की मौत के बाद व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई। बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली थाने पहुंचे और मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि अस्थायी बाजार में बिजली सप्लाई और सुरक्षा मानकों की पूरी जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews