
Shahdol News : मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां विधायक निवास के पास से 2 नाबालिग लड़कियों का अपहरण हो गया। इससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल पुलिस को इस मामले की खबर दी गई। वहीं, पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए कुछ ही घंटे में दोनों किशोरियों को दस्तयाब कर लिया और दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। साथ ही उनपर विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ब्यौहारी थाना क्षेत्र का मामला
दरअसल, मामला ब्यौहारी थाना क्षेत्र का है। जब पुलिस को सूचना मिली कि 2 नाबालिग सहेलियां बाजार करके घर की ओर वापस लौट रही थी। तभी बाइक सवार दो आरोपियों ने दोनों लड़कियों को अलग-अलग बाइक में बिठा लिया और वहां से फरार हो गए। जब दोनों घर नहीं पहुंची, तब उनके परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। दोनों की उम्र 16 साल बताई जा रही है।
एडिशनल एसपी ने कही ये बात
मामले को लेकर शहडोल एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान ने कहा कि सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना के मेन रोड से दोनों बाइक सवार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। जिनके कब्जे से दोनों लड़कियों को दस्तयाब कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपियों की पहचान संदीप साकेत और अमन साकेत के रूप में की गई है। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि उन्होंने किशोरियों को डरा-धमका कर अपनी-अपनी बाइक में बिठाया था और उन्हें शहडोल की ओर ले जा रहा था।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरुण पांडे के साथ सहायक उपनिरीक्षक गया प्रसाद कनौजिया, प्रधान आरक्षक नरेंद्र उपाध्याय, संजय द्विवेदी अमित यादव पुष्पेंद्र एवम अन्य पुलिस कर्मियो की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
[dgv_vimeo_video id=”1013471894″]
राहुल सिंह राणा, शहडोल
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

