शहडोल में युवक को डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेना पड़ा महंगा, खाते से कट गए 96,998 रुपये, पढ़ें पूरी खबर

युवक ऑनलाइन डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए गूगल पर नंबर सर्च कर कॉल किया और जैसे ही अपॉइंटमेंट लेने के लिए वह ऑनलाइन फार्म भरा उसके अकाउंट से 96,998 रुपये कट गए।
online fraud

Shahdol News : मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है, जहां एक युवक को डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेना महंगा पड़ गया है। बता दें कि युवक ऑनलाइन डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए गूगल पर नंबर सर्च कर कॉल किया और जैसे ही अपॉइंटमेंट लेने के लिए वह ऑनलाइन फार्म भरा उसके अकाउंट से 96,998 रुपये कट गए। इस तरह से युवक ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हो गया। हालांकि, सही समय पर शिकायत करने से फ्रॉड की गई राशि को साइबर सेल द्वारा वापस करवा दिया गया है। ऐसे में अगर आप भी गूगल पर किसी का मोबाइल नंबर या संपर्क नंबर ढूंढ रहे हैं तो बेहद सावधान हो जाइए, क्योंकि हो सकता है इसका अगला निशाना भी बन सकते हैं।

जानें पूरा मामला

दरअसल, मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जब युवक गुलशन जयसिघानी को अपने दादा-दादी के इलाज के लिए छत्तीसगढ़ के रायपुर जाना था, इसलिए डॉक्टर के पास जाने से पहले गुलशन ने अपॉइंटमेंट लेने का विचार बनाया। इसके लिए उसने अपने फोन पर गूगल से डॉक्टर का मोबाइल नंबर सर्च किया और इसमें मिले मोबाइल नंबर पर कॉल किया। फोन रिसीव करने पर कहा गया कि डॉक्टर की अपॉइंटमेंट लेने के लिए आपको फॉर्म भरना पड़ेगा। साथ ही यह भी कहा गया कि गूगल फॉर्म भरने में कोई परेशानी होगी, तो कॉल सेंटर में बताएं। इसके बाद गुलशन के मोबाइल नंबर पर गूगल फॉर्म आ गया। जिसमें गुलशन का आधार नंबर, मोबाइल नंबर सहित नाम और पता की पूरी जानकारी भरवा ली गई। इसे भरते ही उसके पास एक कॉल आया, जिसमें यूपीआई लिंक के माध्यम से फीस जमा करने को कहा गया। गुलशन ने डॉक्टर से अपॉइंटमेंट के लिए दिए गए गूगल पे लिंक पर ₹ 500 कि फीस राशि जमा कर दी। फीस जमा करते ही खाते से ₹ 20,000, ₹10,000 रुपए कि राशि लगातार कटने लगी और इस तरह बैंक खाते से कुल ₹ 96,998 रुपए कट गए।

साइबर सेल की ली मदद

वहीं, गुलशन ने बिना किसी देरी के शहडोल साइबर सेल पुलिस से तत्काल संपर्क किया। जिसपर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खाते में होल्ड लगाने की कार्रवाई की। साथ ही संबंधित बैंक से संपर्क किया और आवेदक की पूरी राशि वापस कराने की कार्रवाई की गई, जिससे आवेदक को ऑनलाइन फ्रॉड से राहत मिला।

पुलिस अधीक्षक ने की ये अपील

पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक द्वारा जिले के आम नागरिकों से अपील की गई है कि साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 और एनसीआरपी पोर्टल में शिकायत दर्ज करें। साथ ही फौरन साइबर सेल पुलिस को सूचित करें। सेक्सटोर्शन, फेक ट्रेडिंग, फेक लोन एप और ऑनलाइन गेमिंग संबंधित साइबर अपराधों से दूरी बनाएं। गूगल से किसी संस्था का कॉन्टैक्ट नंबर न सर्च करें, बल्कि संस्था की ऑफिशियल आईडी या वेबसाइट से ही कॉन्टैक्ट नंबर प्राप्त करें।

राहुल सिंह राणा, शहडोल

Sanjucta Pandit
लेखक के बारे में
Sanjucta Pandit

सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

मैं संयुक्ता पंडित वर्ष 2022 से MP Breaking में बतौर सीनियर कंटेंट राइटर काम कर रही हूँ। डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन और बीए की पढ़ाई करने के बाद से ही मुझे पत्रकार बनना था। जिसके लिए मैं लगातार मध्य प्रदेश की ऑनलाइन वेब साइट्स लाइव इंडिया, VIP News Channel, Khabar Bharat में काम किया है। पत्रकारिता लोकतंत्र का अघोषित चौथा स्तंभ माना जाता है। जिसका मुख्य काम है लोगों की बात को सरकार तक पहुंचाना। इसलिए मैं पिछले 5 सालों से इस क्षेत्र में कार्य कर रही हुं। View all posts by Sanjucta Pandit →
Follow Us :GoogleNews