
Shahdol News : मध्यप्रदेश के शहडोल जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां शादी समारोह का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश की वजह से टेंट का सामान गिरने लगा। जिसके कारण वहां भगदड मच गई। जिसमें कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। वहीं, दूल्हा-दुल्हन भी मंडप छोड़कर वहां से भाग गए। बता दें कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत, कुल 219 जोड़ों का विवाह हो रहा था।

कुछ लोगों को आई चोटें
बता दें कि अचानक आंधी और बारिश के कारण कुछ लोगों को चोटें आईं हैं। वहीं, कच्छी मोहल्ला से आई दुल्हन के परिजन सोनिया प्रजापति को भी टेंट गिरने से सिर पर गंभीर चोट आई है। जिन्हें आनन-फानन में बुढ़ार के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना के दौरान जनपद सीईओ मुद्रिका सिंह, जैतपुर विधायक, बुढ़ार नगर परिषद, धनपुरी नगर पालिका और बकहो नगर परिषद के जनप्रतिनिधि आदि मौजूद थे। जिन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
बारिश समाप्त होने के बाद हुआ विवाह संपन्न
विवाह समारोह के दौरान ऐसी आपदाएं हुईं जिससे कुछ लोग घायल हुए हैं। हालांकि, बारिश समाप्त होने के बाद सामूहिक कन्या विवाह योजना का कार्यक्रम वापस से शुरू किया गया और गीले गद्दों के ऊपर बैठकर जोड़ो का विवाह कराया गया।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

