रामनिवास रावत का 6 साल पुराना वीडियो वायरल करने पर BJP ने दिग्विजय सिंह, उमंग सिंघार और हेमंत कटारे पर दर्ज कराई एफआईआर

BJP ने कहा उक्त वीडिया 6 वर्ष पुराना है, इसका प्रमाण यह है कि वीडियो में रावत के तत्कालीन पीएसओ बृजकिशोर सिंह चौहान दिखाई दे रहे हैं, जो वर्ष 2009 से 2018 तक रामनिवास रावत की निज सुरक्षा में तैनात थे।
Digvijay Umang Hemant

BJP lodged FIR : भारतीय जनता पार्टी ने विजयपुर से पार्टी प्रत्याशी रामनिवास रावत का 6 साल पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और उनकी छवि धूमिल करने की शिकायत पुलिस में की है और वीडियो वायरल करने के आरोप में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार एवं उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे पर एफआईआर दर्ज कराई है।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी बयान में बताया गया है कि भारतीय जनता पार्टी के एक प्रतिनिधि मंडल ने विजयपुर विधानसभा उपुचनाव में भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत का 6 वर्ष पुराना वीडियो सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर अपलोड कर भाजपा प्रत्याशी की छवि धूमिल करने की शिकायत विजयपुर थाना प्रभारी से की है। शिकायत में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ एफआईआर कराकर सोशल मीडिया पर अपलोड वीडियो को हटाने की मांग की है।

कांग्रेस नेताओं पर रामनिवास रावत की छवि धूमिल करने का आरोप 

भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने शिकायत में कहा है कि भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत की छवि धूमिल करने के लिए कांग्रेस नेताओं ने वर्ष 2018 का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। कांग्रेस नेताओं द्वारा जो वीडियो सोशल मीडिया में अपलोड किया गया है उस समय रामनिवास रावत कराहल तहसील के ग्राम पहेला में प्रवास पर थे। गांव के एक लड़के ने पानी की समस्या को लेकर चिल्लाने लगा, जिसका समाधान रावत पहले ही कर चुके थे। वर्तमान में ग्राम पहेला में पेयजल की कोई समस्या नहीं है।

भाजपा ने दिया प्रमाण वायरल वीडियो 2018 का 

BJP ने कहा उक्त वीडिया 6 वर्ष पुराना है, इसका प्रमाण यह है कि वीडियो में रावत के तत्कालीन पीएसओ बृजकिशोर सिंह चौहान दिखाई दे रहे हैं, जो वर्ष 2009 से 2018 तक रामनिवास रावत की निज सुरक्षा में तैनात थे। इसके बाद वे रावत की सुरक्षा से हट गए थे। इससे स्वयं सिद्ध होता है कि विजयपुर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस पुराने वीडियो के जरिए भाजपा प्रत्याशी  रामनिवास रावत की छवि धूमिल कर चुनाव को प्रभावित करने का कार्य कर रही है।

BJP प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे शामिल 

भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए उक्त षड्यंत्र रचा गया है जो कि कानून के प्रावधानों के विपरीत है। क्योंकि चुनाव अवधि के दौरान एमसीएमसी से अनुमोदन के पश्चात ही वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया जा सकता है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस नेता व नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया है। शिकायत करने वाले भाजपा प्रतिनिधि मंडल में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बृजगोपाल लोया, प्रदेश मीडिया विभाग के सदस्य बृजराज सिंह के साथ श्योपुर जिला महामंत्री अरविंद सिंह चौहान व अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews