बदमाशों ने पति पत्नी का अपहरण कर पीटा, फिर 50 हजार पहुंचाने की धमकी देकर छोड़ा

miscreants-beat-up-the-abduction-of-husband-wife-in-shyopur

सांकेतिक तस्वीर

श्योपुर| मध्य प्रदेश के श्योपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है| यहां दंपति का अपहरण कर जंगल ले जाकर पीटने और फिर 50 हजार रुपए की फिरौती के नाम पर छोड़ दिया गया| वहीं मामले में पुलिस को खबर लगने के बाद जंगल में छानबीन शुरू कर दी, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला| 

जानकारी के मुताबिक जिले के  दाउदपुर गांव में चार हथियारबंद बदमाशों ने शुक्रवार रात दंपति का अपहरण कर जंगल ले जाकर पीटा। तकरीबन 12 घंटे बाद शनिवार सुबह 50 हजार रुपए की फिरौती पहुंचाने की बात कहकर छोड़ दिया। सिद्धार गुर्जर नाम के व्यक्ति के घर हथियारबंद बदमाश आ धमके और बोले हम डाकू हैं।  बदमाशों ने नीमवाली खिरकाई का पता पूछा। पता बताया तो रास्ता बताने के लिए साथ ले जाने लगे। इसी दौरान सिद्धार की पत्नी जसोदा आ गई। दोनों को जमकर पीटा फिर गोली मारने की धमकी देेकर दंपति को घर से ले गए। जंगल ले जाकर फिर पीटा और 50 हजार रुपए मांगे। 

सिद्धार गुर्जर के अनुसार मारपीट के बाद बदमाशों ने उन्हें अपने पास रखा और दो लोग जसोदा के साथ घर पर करीब रात 12.30 बजे आ गए। जसोदा को लेकर आए दो बदमाशों ने उसे घर में भी पीटना शुरू कर दिया। रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी नारायणसिंह गुर्जर जाग गया। आवाज सुनकर बदमाश भाग गए। सूचना के बाद रात एक बजे पुलिस और डायल 100 की टीम गांव में पहुंच गई। सिद्धार की पत्नी को घर पर छोड़कर जंगल की ओर भागे बदमाश सीधे अपने साथियों के पास पहुंचे। उन्होंने पुलिस के आने की सूचना दी तो बदमाशों ने सिद्धार को जंगल में छोड़ा और कहा कि शनिवार रात 10 बजे तक 50 हजार रुपए पहुंचा देना।  विजयपुर एसडीओपी एससी दौहरे के साथ विजयपुर, गसवानी, अगरा और चिलवानी थाना क्षेत्र की पुलिस टीमें जंगल में सर्चिंग कर बदमाशों की तलाश में जुटी हैं।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews