PMAY में लापरवाही पड़ी भारी, पंचायत सचिव निलंबित, प्रभारी सचिव पर भी एक्शन

PMAY में लापरवाही पड़ी भारी, पंचायत सचिव निलंबित, प्रभारी सचिव पर भी एक्शन

Sheopur News : श्योपुर कलेक्टर शिवम वर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) में कम प्रगति एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन के मामलों में उदासीनता बरतने वाले सिरोनी के पंचायत सचिव श्यामसुन्दर रावत को निलंबित (Panchayat Secretary Suspended, ) कर दिया है, वहीं ओछा पंचायत में विधवा पेंशन में देरी होने पर प्रभारी पंचायत सचिव के वेतन से एक साल की पेंशन राशि काटकर विधवा महिला को प्रदान किये जाने के निर्देश भी दिये गये।

विजयपुर के गांवों का निरीक्षण किया

कलेक्टर शिवम वर्मा (Sheopur Collector Shivam Varma)  ने बुधवार को जिले के विजयपुर विकासखण्ड क्षेत्र के ग्राम सिरोनी, मोरेेका एवं ओछापुरा का भ्रमण कर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति देखी और स्थानीय लोगों से चर्चा कर योजनाओं में मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अतेन्द्र सिंह गुर्जर, तहसीलदार सीताराम वर्मा, सीईओ जनपद शैलेन्द्र आदिवासी सहित विभिन्न अधिकारी उनके साथ मौजूद थे।

PMAY में शिकायत मिलते ही पंचायत सचिव निलंबित

कलेक्टर शिवम वर्मा ने ग्राम मोरेका एवं सिरोनी में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) अंतर्गत कार्यो की प्रगति को देखा एवं हितग्राहियों से चर्चा कर किस्तों के बारे में जानकारी ली, साथ ही विभिन्न प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभ के बारे में ग्रामीणों से चर्चा की। यहां लोगों ने पंचायत सचिव की शिकायत कलेक्टर से की, जिसके बाद आवास कार्यो एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन में मामलों में लापरवाही बरतने पर पंचायत सचिव श्यामसुन्दर रावत को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश सीईओ जिला पंचायत को दिये।

विधवा पेंशन की एक साल की राशि प्रभारी सचिव के वेतन से काटने के निर्देश

इसी प्रकार ग्राम ओछा में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में मिल रहे लाभों के संबंध में ग्रामीणों से चर्चा के दौरान विधवा महिला श्रीमती गुड्डी बाई पत्नी स्व. गंगाधर ने बताया कि अभी तक पेंशन योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा, लापरवाही सामने आते ही कलेक्टर ने प्रभारी सचिव एवं रोजगार सहायक गोपाल शर्मा के वेतन से एक साल की पेंशन के बराबर राशि काटकर उक्त महिला को भुगतान कराये जाने के निर्देश दिये। साथ ही सीईओ जनपद को महिला की पेंशन तत्काल स्वीकृत करने की कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।

मनरेगा, जल जीवन मिशन की भी ली जानकारी

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत पुरा में भ्रमण के दौरान निर्देश दिये कि जिन ग्रामीणों के नाम आवास योजना से छूट गये हैं उनके नाम पात्रतानुसार आवास प्लस योजना एवं विशेष सहरिया प्रोजेक्ट में जोड़ने की कार्यवाही की जाये। कलेक्टर शिवम वर्मा ग्रामीणों से मनरेगा अतंर्गत संचालित कार्यो, जल जीवन मिशन सहित स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आंगनबाडी की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं के बारें में भी जानकारी ली।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews