शिवपुरी में दलित युवक की लाठी से पीट-पीटकर हत्या, खेत के बोर से पानी लेने पर हुआ विवाद, सरपंच और बेटे सहित 8 पर FIR

नारद जाटव पर लाठियों से हमले का वीडियो भी सामने आया है। कांग्रेस ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए मध्य प्रदेश में दलित उत्पीड़न के मुद्दे पर बीजेपी सरकार को घेरा है। उसने कहा है कि 'भाजपा ने प्रदेश में जंगलराज की अति कर दी है और आम आदमी बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है'। कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया है कि प्रदेश के गृहमंत्री विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं और यहां उनके संरक्षण में पनप रहा माफिया दलित परिवारों पर अत्याचार कर रहा है।
Caste violence in Madhya Pradesh

Shivpuri Dalit Youth Murder : शिवपुरी में एक दलित युवक की लाठी से पीट-पीटकर जघन्य हत्या करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार खेत में लगे बोर से पानी लेने पर विवाद शुरु हुआ और इसके बाद गांव के सरपंच पदम धाकड़ के परिवार के लोगों ने नारद जाटव नाम के युवक पर हमला कर दिया। वे उसे बेरहमी से लाठियों से पीटते रहे और मरणासन्न स्थिति में छोड़ दिया। जब युवक के परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें कुछ लोगों द्वारा युवक को बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए सरकार को घेरा है। कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और अरुण यादव ने मध्य प्रदेश में दलित उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए बीजेपी सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, इस मामले में पुलिस ने सरपंच और उसके बेटों सहित 8 के खिलाफ एफआईआर दर्ज़ की है। घटना के बाद से गाँव में तनाव का माहौल बना हुआ है। 

क्या है मामला

जानकारी के मुताबिक घटना शिवपुरी जिले के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम इंदरगढ़ की है। नारद जाटव(28 वर्ष) नाम का युवक ग्राम दौरार थाना मोहना जिला ग्वालियर का रहने वाला था और वो कुछ दिन पहले ही अपनी मामी विद्याबाई जाटव के घर इंदरगढ़ गाँव में रहने आया था। विद्याबाई ने गांव के सरपंच पदम धाकड़ के खेत में लगे बोर से अपनी जमीन के लिए कनेक्शन ले रखा था। मंगलवार शाम करीब पाँच बजे बोर से पानी लेने की बात पर नारद जाटव का सरपंच पदम धाकड़ के बेटों निक्की, मोहर पाल और भतीजे अंकेश व अन्य कुछ लोगों से विवाद हुआ। कहासुनी बढ़ गई और नारद की उनसे बहस होने लगी। इसके बाद सरपंच धाकड़ के परिवार के लोगों ने नारद जाटव को खेत में पटककर उसपर लाठियों से हमला कर दिया।

आरोपी बेहद आक्रामक थे और वो नारद को लाठियों से बुरी तरह पीटते रहे। वे उसे तब तक मारते रहे जब तक वह मरणासन्न नहीं हो गया। घटना के बाद नारद के परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज शिवपुरी पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से गाँव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल पुलिस ने सरपंच, उसके बेटे सहित आठ आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। दलित समुदाय ने मामले में न्याय की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

कांग्रेस ने BJP सरकार को घेरा

वहीं कांग्रेस ने एक बार फिर प्रदेश में दलित उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार को घेरा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से घटना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि ‘शिवपुरी में दबंगों ने नारद जाटव नाम के दलित युवक को लाठी डंडों से पीट पीट कर मार डाला! परिजनों का आरोप है कि सरपंच और उसके भाइयों ने सरेआम इस वारदात को अंजाम दिया है! प्रदेश का गृहमंत्री जब पर्यटन में व्यस्त हो और अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो जाए, गुंडाराज हावी हो तब इस तरह की घटनाएं आम हो जाती हैं। • भाजपा ने प्रदेश में जंगलराज की अति कर दी है और आम आदमी बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है!’

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी इस मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि ‘भाजपा की घोर विडंबना देखिए! एक तरफ़ पूरा देश संविधान दिवस मना रहा है, बाबा साहेब अंबेडकर के विचारों की बातें हो रही हैं, और दूसरी तरफ़ भाजपा के राज में मेरे दलित भाई को लाठियों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। भाजपा का राज आज दलितों के लिए शोषण और अत्याचार का पर्याय बन चुका है। 21वीं सदी में भी मेरे दलित परिवारों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। प्रदेश के गृहमंत्री विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं, और यहां उनके संरक्षण में पनप रहा माफिया मेरे दलित परिवारों पर हर रोज़ अत्याचार के नए क़िस्से लिख रहा है। संविधान को बचाने की लड़ाई इसलिए ज़रूरी है, ताकि कोई और दलित भाई अत्याचार का शिकार न हो सके। ईश्वर नारद जाटव जी की आत्मा को शांति और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।’ वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण यादव ने लिखा है कि ‘दलितों-आदिवासियों की कब्रगाह बना मप्र दलितों पर अत्याचार के मामले में मप्र तीसरे स्थान पर है, शिवपुरी जिले के ग्राम इंदरगढ़ दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया, जहाँ दबंगों ने दलित नारद जाटव को पीट पीटकर मौत के घाट उतार दिया। मप्र में लॉ एंड आर्डर वेंटिलेटर पर है।’ इस तरह कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को दलित अत्याचार के मुद्दे पर कटघरे में खड़ा किया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews