मध्य प्रदेश के शिवपुरी में दो बदमाशों ने बैंक लूटने की कोशिश की है। 13 दिन में दूसरी बार ऐसा हुआ है, जब लूट की कोशिश की गई है। हालांकि, बदमाश अपने इरादे में कामयाब नहीं हुए और मौके से भाग निकले। ये घटना गुरुवार शाम 7 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक दो बदमाश पिस्टल लेकर बैंक में घुसे और कर्मचारियों को धमकाकर कैश मांगने लगे। इनका तीसरा साथी पहले से ही बाइक चालू कर बाहर खड़ा हुआ था। बता दें कि 16 अक्टूबर की रात को भी तीन संदिग्धों ने इस बैंक में लूट करने की कोशिश की थी।

5 मिनट में फरार हुए बदमाश

ये मामला एमएम चौराहा स्थिति सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का है। जब ये बदमाश बैंक में लूट करने के लिए पहुंचे तो कर्मचारी अपना काम कर रहे थे। जब बदमाशों ने कैश मांगा तो कर्मचारियों ने कहा कि बैंक का समय खत्म हो गया है और मैनेजर भी चाबी लेकर चले गए हैं। इसके बाद बदमाश 5 मिनट में बैंक से बाहर निकलकर बाइक से भाग निकले।

पुलिस कर रही है पूछताछ

जैसे ही बैंक में लूट की कोशिश किए जाने की सूचना मिली। वैसे ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एएसपी आरडी प्रजापति, एसडीओपी सचिन धुर्वे और कोतवाली थाना प्रभारी पुनीत कुमार बाजपेई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। यहां बैंक मैनेजर और कर्मचारियों से घटना के बारे में जानकारी ली गई। बदमाशों के खिलाफ लूट का केस भी दर्ज कर लिया गया है।

पहले भी हुई लूट की कोशिश

यह पहली बार नहीं है जब इस बैंक में लूट की कोशिश की गई है। इसके पहले भी तीन युवक इस बैंक का शटर सरिया और जैक से उठाने की कोशिश करते हुए सीसीटीवी में कैद हुए थे। हालांकि यह बैंक के अंदर के ताले नहीं तोड़ पाए थे और सामान चोरी नहीं हुआ था। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर मामला दर्ज किया था।