सिंगरौली: जेल से रची गई बैंक डकैती की साजिश का पर्दाफाश, बिहार से 2 और आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और लूट के माल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
Singrauli bank robbery Two accused arrested

Singrauli bank robbery Two accused arrested

सिंगरौली में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 17 अप्रैल 2026 को हुई सनसनीखेज डकैती मामले में सिंगरौली पुलिस ने साजिश के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए बिहार से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को जिले की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसमें पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह की कड़ी जोड़ते हुए साजिशकर्ताओं तक पहुंच बनाई है।

थाना वैढ़न पुलिस ने विशेष टीम गठित कर बिहार के नालंदा जिले से चन्दन उर्फ चईया यादव (21) और गुलशन (19) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी खीरूबिगहा, थाना नगरनौसा के निवासी हैं और डकैती की साजिश में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

डकैती से पहले ही रची गई थी पूरी प्लानिंग

पुलिस जांच में सामने आया है कि डकैती को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी फंटूस और उसके साथी कमलेश, पंकज, राजेश और छोटू के अलावा गिरफ्तार दोनों आरोपी भी योजना का हिस्सा थे। इनकी भूमिका लूट के माल को ठिकाने लगाने और साजिश को अंजाम तक पहुंचाने में अहम रही।

जेल से ऑपरेट हो रहा था पूरा गिरोह

मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि डकैती का सरगना सुबोध सिंह है, जो वर्तमान में पटना के बेऊर जेल में बंद है। उसने उड़ीसा के कुचिंडा जेल में बंद अपने शागिर्द पीयूष जायसवाल के माध्यम से पूरी वारदात को अंजाम दिलवाया। जेल में रहते हुए ही पूरे नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था।

7 दिन की पुलिस रिमांड, कई और खुलासों की उम्मीद

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और लूट के माल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। शेष आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पूरी कार्रवाई पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत, पुलिस उपमहानिरीक्षक हेमंत सिंह चौहान के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में की गई।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews