मुख्य सचिव बनकर कलेक्टर को फोन किया, आरोपी युवक, पिता और एक अन्य साथी के साथ गिरफ्तार

सिंगरौली कलेक्टर के फोन पर एक युवक ने खुद को मुख्य सचिव बताया और एक काम करने के निर्देश दिए, उसने अपने पिता और एक अन्य साथी को कलेक्ट्रेट भी भेजा लेकिन कलेक्टर को शक हुआ जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया ।
Singrauli News

कलेक्टर सिंगरौली के शासकीय मोबाइल नंबर पर स्वयं को मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन बताकर फोन करने वाले युवक को वैढ़न पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस प्रकरण में कुल तीन आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें एक युवक भोपाल निवासी है।

जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2025 को कलेक्टर कार्यालय सिंगरौली से थाना वैढ़न में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर मुख्य सचिव बनकर एक कार्य करवाने की बात कही। जांच में पाया गया कि कॉल करने वाला व्यक्ति झूठी पहचान से बात कर रहा था।

युवक, उसके पिता और एक अन्य को जेल भेजा 

थाना वैढ़न पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सचिन मिश्रा (उम्र 24 वर्ष, निवासी भोपाल, कंप्यूटर साइंस ग्रेजुएट) को भोपाल से गिरफ्तार किया। इस प्रकरण में उसके पिता बी.पी. मिश्रा एवं सहयोगी सचिन्द्र तिवारी को वैढ़न से पकड़ा गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस कर रही मामले की विवेचना 

बताया गया कि सचिन मिश्रा के निर्देश पर बी.पी. मिश्रा और सचिन्द्र तिवारी डीएमएफ संबंधी कार्य करवाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट पहुंचे थे, जिन्हें वहां से ही अभिरक्षा में लिया गया। थाना वैढ़न पुलिस ने प्रकरण अपराध क्रमांक 1161/2025, धारा 204, 319 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 66(डी) आईटी एक्ट के तहत दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण की विवेचना जारी है।

सिंगरौली से राघवेन्द्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews