
Singrauli News : देश में इन दिनों लोकसभा चुनाव को लेकर गहमा गहमी चल रही है। सरकार के विकास का गली गली बखान किया जा रहा है। इस बीच मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से स्वास्थ्य विभाग की पोल खोलता वीडियो सामने आया है। इसमें एक आदिवासी शख्स को एंबुलेंस नहीं तो मिली, तो वह पत्नी को कंधे पर बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचा।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि यह मामला सिंगरौली जिले के सरई क्षेत्र के पुटूपानी बेलवनी गांव का है। जहाँ गांव के आदिवासी युवक की पत्नी की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उसने सरई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करने की कोशिश की। उसने लोगों से संपर्क किया, लेकिन फायदा नहीं हुआ। कई घंटों तक उसे एंबुलेंस नहीं मिली। इधर, उसकी पत्नी की हालत भी खराब हो रही थी। ये देख उसने पत्नी को कंधे पर बैठाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो बुधवार की बताई जा रही है।
वायरल वीडियो में जब पति से पूछा जा रहा हैं कि एम्बुलेंस नहीं मिली तो वह बता रहा हैं कि एम्बुलेंस नहीं मिली इसलिए वह अपनी पत्नी को कंधे पर उठाकर कई किलोमीटर की दूरी तय कर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंहुचा। वहीं बताया जा रहा है कि विधायक निधि से यहां एक एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी। लेकिन ड्राइवर और रख रखाव न होने की वजह से वह ख़राब हो गई है। इधर, इस मामले को लेकर जिम्मेदार स्वास्थ्य अधिकारी ने पल्ला झाड़ लिया। उन्होंने मीडिया के सामने कुछ कहने से इंकार कर दिया।
गौरतलब है कि जिले के ग्रामीण इलाकों के हालात काफी बदतर हैं। जहाँ सरकार के तमाम दावों के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं बेंटिलेटर पर हैं। मरीजों को एम्बुलेंस नहीं मिलती, शासकीय चिकित्सालयों में समय से डॉक्टर और इलाज नहीं मिलता हारकर गरीब प्राइवेट अस्पतालों की शरण लेते हैं।
सिंगरौली से राघवेन्द्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट
[dgv_vimeo_video id=”933717661″]
