
आज विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच मुकाबला खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा। यह मुकाबला प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में खेला जाएगा। इंग्लैंड इस टूर्नामेंट में मजबूत स्थिति में नजर आ रही है, जबकि श्रीलंका के लिए यह सफर परेशानियों से भरा हुआ रहा है। यह विमेंस वर्ल्ड कप 2025 का 12वां लीग स्टेज मुकाबला होने वाला है। कोलंबो के मैदान पर दोनों टीमें पांचवीं बार आमने-सामने होंगी। हालांकि इस मैदान पर खेले गए चारों मुकाबलों में इंग्लैंड की टीम ने जीत हासिल की है।
जानकारी के लिए बता दें कि श्रीलंका की टीम ने अब तक विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में एक भी मुकाबला नहीं जीता है। टीम ने पहला मुकाबला भारत के खिलाफ खेला था, जिसमें 59 रनों से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि दूसरा मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। श्रीलंका इस समय प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर मौजूद है। आज मुकाबला जीतकर टीम इस टूर्नामेंट में अपने पहले पॉइंट्स हासिल करने की कोशिश करेगी।
दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें
दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डाली जाए तो अब तक श्रीलंका और इंग्लैंड की टीम वनडे क्रिकेट में 20 बार आमने-सामने हुई हैं। हालांकि इंग्लैंड का पलड़ा हमेशा से ही श्रीलंका पर भारी रहा है। इंग्लैंड की टीम ने 17 बार श्रीलंका को हराया है, जबकि श्रीलंका ने मात्र एक मुकाबले में जीत हासिल की है। दो मुकाबले बारिश के कारण रद्द हुए हैं। वहीं, वर्ल्ड कप पर नजर डाली जाए तो दोनों टीमें अब तक छह बार आमने-सामने हुई हैं, जिनमें से पांच बार इंग्लैंड ने और एक बार श्रीलंका ने मुकाबला जीता है।
आज फिर हो सकती है बारिश
हालांकि श्रीलंका के लिए एक बार फिर परेशानी की बात है कि आज होने वाले मुकाबले में भी बारिश होने की संभावना है। आज कोलंबो का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है और बारिश की 58% संभावना है। इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच मुकाबला खेला गया था, जो बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। मैदान की बात की जाए तो इस विकेट पर स्पिनर्स को अच्छी मदद मिलती है। इसी मैदान पर बांग्लादेश की टीम ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था। अब तक इस मैदान पर 24 विमेंस वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें 14 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है, जबकि 10 बार पहले गेंदबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
इंग्लैंड: एमी जोन्स (विकेटकीपर), टैमी ब्यूमोंट, हीदर नाइट, एमा लैंब, नैट सिवर-ब्रंट (कप्तान), सोफिया डंकली, एलिस कैप्सी, चार्ली डीन, सोफी एक्लेस्टोन, लिंसी स्मिथ, लॉरेन बेल।
श्रीलंका: चमारी अटापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, विश्मी गुणरत्ने, कविशा दिलहारी, निलाक्षी डी सिल्वा, अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), अचिनी कुलासूरिया, सुगंधिका कुमारी, उद्देशिका प्रबोधिनी और इनोका राणावीरा।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

