पाकिस्तान टेस्ट टीम में हो सकता है बड़ा फेरबदल, शान मसूद की जगह अब इस खिलाड़ी को मिल सकती है कप्तानी!

पाकिस्तान क्रिकेट में फिर बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। दरअसल रिपोर्ट की मानें तो टेस्ट टीम के कप्तान शान मसूद को हटाया जाएगा। वहीं सलमान आगा कमान संभालेंगे । खराब प्रदर्शन के कारण पीसीबी यह फैसला लेने जा रहा है।
पाकिस्तान टेस्ट टीम में हो सकता है बड़ा फेरबदल, शान मसूद की जगह अब इस खिलाड़ी को मिल सकती है कप्तानी!

पाकिस्तान क्रिकेट में लगातार बदलाव हो रहे हैं और अब टेस्ट टीम की कप्तानी में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। खबरों के मुताबिक, शान मसूद को टेस्ट टीम की कप्तानी से हटाया जा सकता है और उनकी जगह सलमान आगा को नया कप्तान बनाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि टीम के लगातार खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने यह फैसला लेने का मन बनाया है।

कैसा रहा शान मसूद का कप्तानी करियर?

दरअसल शान मसूद ने दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली थी। उनके नेतृत्व में पाकिस्तान ने कुल 16 टेस्ट मैच खेले, जिनमें से 12 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा। हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ मिली हार उनकी कप्तानी में लगातार चौथी हार थी। इसी खराब प्रदर्शन के कारण अब उनकी कप्तानी पर सवाल उठने लगे हैं। आंकड़ों के अनुसार, टेस्ट क्रिकेट के लगभग 150 साल के इतिहास में बांग्लादेश, आयरलैंड और अफगानिस्तान जैसे नए टेस्ट देशों को छोड़ दिया जाए, तो शीर्ष नौ टीमों में शान मसूद ऐसे पहले कप्तान बने हैं जिन्होंने अपने शुरुआती 12 टेस्ट मैच गंवाए हैं।

सलमान आगा को बनाया जा सकता है कप्तान

सूत्रों के मुताबिक, शान मसूद ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी से मुलाकात कर उन्हें कप्तानी में निरंतरता बनाए रखने की अपील की थी। लेकिन लगातार खराब नतीजों को देखते हुए बोर्ड अब बदलाव के मूड में दिखाई दे रहा है। पिछले साल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तीसरे चक्र में पाकिस्तान टीम नौवें स्थान पर रही थी, जो टीम के लिए बड़ा झटका माना गया। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मोहसिन नकवी और बोर्ड के सलाहकार अब सलमान आगा को कप्तानी के लिए बेहतर विकल्प मान रहे हैं।

अगले कुछ महीनों में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड का मुश्किल दौरा

दरअसल पाकिस्तान टीम को अगले कुछ महीनों में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड का मुश्किल दौरा करना है। वेस्टइंडीज दौरे की शुरुआत 25 जुलाई से होगी, जहां पाकिस्तान को दो टेस्ट मैच खेलने हैं। इसके बाद टीम इंग्लैंड जाएगी, जहां 19 अगस्त से लीड्स में पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। ऐसे में बोर्ड चाहता है कि टीम नई सोच और नए नेतृत्व के साथ मैदान में उतरे।

शान मसूद का प्रदर्शन बल्लेबाजी में भी ज्यादा प्रभावी नहीं रहा है। हाल ही में खत्म हुई दो टेस्ट मैचों की सीरीज में उन्होंने चार पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक लगाया। ऐसे में अब टीम में उनकी जगह को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

हालांकि, कोचिंग स्टाफ में फिलहाल ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं दिखाई दे रही है। पूर्व कप्तान सरफराज अहमद हेड कोच के रूप में काम करते रहेंगे, जबकि उमर गुल गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। वहीं, वेस्टइंडीज दौरे से पहले टीम के लिए नए बल्लेबाजी कोच की नियुक्ति पर विचार किया जा रहा है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews