
आईपीएल 2026 से पहले सभी टीमों ने अपने खिलाड़ियों की रिटेंशन लिस्ट जारी कर दी है। रिटेंशन लिस्ट से पहले ही दो टीमों ने बड़ा गेम खेल दिया। चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच एक बड़ी ट्रेड डील फाइनल हो गई। अब चेन्नई सुपर किंग्स में संजू सैमसन दिखाई देंगे तो वहीं राजस्थान रॉयल्स में रविंद्र जडेजा खेलते हुए नजर आएंगे। लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिर रविंद्र जडेजा को ट्रेड क्यों किया इसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के सवाल पूछे जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर फैंस सवाल उठा रहे हैं कि क्या रविंद्र जडेजा को किसी के द्वारा टीम छोड़ने पर मजबूर किया गया या फिर राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें बहुत बड़ा ऑफर दिया है। वहीं अब इसे लेकर एक मीडिया रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है।
दरअसल मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि ट्रेड डील से पहले एम.एस. धोनी और रविंद्र जडेजा के बीच एक दूसरे से खुलकर बात हुई थी और दोनों के बीच यह सहमति बनी थी कि रविंद्र जडेजा का CSK से दूर जाना सभी के हित में होगा।
धोनी से हुई थी बात?
क्रिकबज़ की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह बातचीत ट्रेड डील की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही हो गई थी। इस रिपोर्ट के अनुसार चेन्नई सुपर किंग्स ने जब से नूर अहमद को अपनी टीम में शामिल किया है तब से रविंद्र जडेजा की प्लेइंग 11 पर भी खतरा मंडराने लगा था। यही कारण था कि CSK मैनेजमेंट के लिए जडेजा के रोल को समझना मुश्किल हो रहा था। इसे लेकर महेंद्र सिंह धोनी ने भी रविंद्र जडेजा से खुलकर बात की थी और रविंद्र जडेजा ने अंत में यह माना कि उनका चेन्नई सुपर किंग्स टीम को छोड़ना सभी के हित में होगा। बता दें कि रविंद्र जडेजा ने पिछले 12 साल से चेन्नई सुपर किंग्स के लिए क्रिकेट खेला है। ऐसे में राजस्थान में जाने से चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस बुरी तरह से निराश हैं। सोशल मीडिया पर लगातार रविंद्र जडेजा को लेकर चर्चाएं चल रही हैं।
सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल!
हालांकि चौंकाने वाली बात यह भी है कि रविंद्र जडेजा को पिछले सीजन ही चेन्नई सुपर किंग्स ने 18 करोड़ रुपए में रिटेन किया था, जबकि राजस्थान रॉयल्स की टीम ने मात्र 14 करोड़ रुपए में जडेजा को अपनी टीम में शामिल कर लिया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भी इसे लेकर बड़ा बयान दिया। आकाश चोपड़ा का कहना है कि रविंद्र जडेजा का 14 करोड़ रुपए में राजस्थान में चले जाना उन्हें समझ नहीं आया है। आकाश चोपड़ा ने कहा कि जडेजा ने तनख्वाह में कटौती तभी स्वीकार की होगी जब उन्हें राजस्थान टीम ने कुछ और बड़ा रोल ऑफर किया होगा।
हालांकि मीडिया रिपोर्ट में यह भी दावा किया जा रहा है कि अब रविंद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स की टीम के कप्तान बन सकते हैं। रविंद्र जडेजा ने राजस्थान में जाने से पहले यही शर्त रखी थी। हालांकि यह खुलासा कब होगा यह देखना दिलचस्प रहेगा।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

