आखिरकार वनडे में भी रोहित शर्मा की कप्तानी का युग खत्म हो गया। रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान भारतीय टीम को कई शानदार मुकाबले जिताए हैं। साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में 11 मुकाबलों में से 10 मुकाबले भारत ने जीते। उनकी कप्तानी में भारत ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मुकाबला खेला और T20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीता, लेकिन अब उनकी कप्तानी का अंत हो चुका है। हाल ही में बीसीसीआई द्वारा ऑस्ट्रेलिया टूर के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया गया, जिसमें कप्तान के तौर पर शुभमन गिल को चुना गया है।
यानी अब टेस्ट क्रिकेट के अलावा वनडे क्रिकेट में भी भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में सौंपी गई है। हालांकि इस दौरान T20 क्रिकेट की टीम में ज्यादा बदलाव नजर नहीं आए। कप्तानी में भी सूर्यकुमार यादव को ही जारी रखा गया है, जबकि T20 में भी शुभमन गिल को वाइस कप्तान चुना गया।
लंबे समय बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा आएंगे नजर
लंबे समय बाद भारतीय टीम में दो दिग्गज खिलाड़ी खेलते हुए नजर आएंगे। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम के 15 सदस्यीय दल का ऐलान कर दिया गया है। इस टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही खिलाड़ियों का नाम शामिल है, जबकि वनडे में कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर को चुना गया है। श्रेयस ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से भारतीय टीम के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला है, ऐसे में उनकी भी अब टीम में वापसी हुई है। वनडे टीम में नीतीश रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर को भी मौका मिला है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के साथ होने वाली वनडे और T20 सीरीज 19 अक्टूबर से शुरू होगी। भारतीय टीम पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 वनडे मुकाबलों की सीरीज खेलेगी, जिसकी शुरुआत 19 अक्टूबर को होगी। पहला मुकाबला 19 अक्टूबर को, दूसरा वनडे 23 अक्टूबर को और तीसरा मुकाबला 25 अक्टूबर को खेला जाएगा।
2027 के वनडे वर्ल्ड कप खेलने का इरादा नहीं
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने जानकारी दी कि रोहित शर्मा और विराट कोहली का अभी 2027 के वनडे वर्ल्ड कप खेलने का इरादा नहीं है, यही देखते हुए रोहित शर्मा को कप्तान नहीं चुना गया। रोहित शर्मा से भी इस बारे में बात की गई है। रोहित शर्मा का कहना है कि तीनों फॉर्मेट के लिए तीन कप्तान बनाना मुमकिन नहीं है, यही कारण है कि वनडे और टेस्ट के कप्तान के तौर पर शुभमन गिल को चुना गया। सात महीने बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली की इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी हो रही है। दोनों ही खिलाड़ी टेस्ट और T20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। अब ऑस्ट्रेलिया दौरा यह तय करेगा कि दोनों खिलाड़ी आने वाले समय में वनडे टीम में जगह बना पाएंगे या नहीं।
जितेश शर्मा और संजू सैमसन को T20 क्रिकेट में फिर से मौका दिया गया
टीम पर नजर डाली जाए तो जितेश शर्मा और संजू सैमसन को T20 क्रिकेट में फिर से मौका दिया गया है। बता दें कि एशिया कप 2025 की टीम में दोनों ही खिलाड़ी शामिल थे। अब दोनों ही खिलाड़ी T20 टीम में नजर आ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन कर दोनों ही अपनी जगह मजबूत बना सकते हैं। शार्दुल ठाकुर की भी वापसी हुई है। उन्होंने आखिरी वनडे मुकाबला रोहित और विराट कोहली के साथ ही चैंपियंस ट्रॉफी में खेला था, लेकिन T20 टीम में उन्हें अब तक जगह नहीं मिली।
वनडे की टीम :
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल।
टी-20 की टीम :
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन, रिंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर।






