
एक बार फिर आईसीसी रैंकिंग्स में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। विमेंस वर्ल्ड कप 2025 के शुरू होने से पहले अब कई खिलाड़ियों में उलटफेर हुआ है। बता दें कि हाल ही में खेली गई पाकिस्तान-साउथ अफ्रीका और भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच की वनडे सीरीज ने आईसीसी रैंकिंग पर असर डाला है। सबसे अच्छा प्रदर्शन साउथ अफ्रीका की बल्लेबाज ताजमिन ब्रिट्स ने किया है। पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई दो नाबाद शानदार पारियों के चलते अब उनकी रैंकिंग में 15 स्थान का फायदा हुआ है और सीधे अब वह छठे नंबर पर पहुंच चुकी हैं। जानकारी दे दें कि ताजमिन ब्रिट्स के कुल 669 रेटिंग पॉइंट्स हैं।
उनके प्रदर्शन पर नजर डाली जाए तो साल 2025 से उनके लिए वाकई शानदार रहा है। उन्होंने वनडे में 91.85 की औसत से रन बनाए। उनके बल्ले से कुल 643 रन निकल चुके हैं जबकि उनका स्ट्राइक रेट भी 94.14 का रहा है।
स्मृति मंधाना फिर बनी नंबर वन
वहीं, वनडे में नंबर वन के स्थान पर नजर डाली जाए तो एक बार फिर भारत की स्मृति मंधाना ने कमाल किया है। उन्होंने पहले स्थान पर अपना दबदबा कायम रखा है। जानकारी दे दें कि हाल ही में खेली गई ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में उन्होंने शानदार शतक जड़े थे। लगातार दो शतक के चलते स्मृति मंधाना करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग 818 पॉइंट पर पहुंची थीं और नंबर वन के स्थान को और मजबूत कर लिया था। एक बार फिर उन्होंने आईसीसी की ताजा रेटिंग में नंबर एक का स्थान बनाए रखा है।
टॉप फाइव पर नजर डालें
वहीं, टॉप फाइव पर नजर डाली जाए तो दूसरे स्थान पर इस समय इंग्लैंड की कप्तान नेट साइवर-ब्रंट मौजूद हैं। नेट साइवर-ब्रंट ने पिछले कुछ समय में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। जबकि तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी पहुंच चुकी हैं। चौथे नंबर पर लौरा वोल्वार्ड्ट और पांचवें नंबर पर एलिस पैरी मौजूद हैं। हाल ही के प्रदर्शन पर नजर डाली जाए तो स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में दो शतक जड़े। हालांकि ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 के साथ सीरीज जीत ली, लेकिन वर्ल्ड कप से पहले स्मृति मंधाना का फॉर्म भारत के लिए अच्छी खबर है।
गेंदबाजी में कितना हुआ बदलाव?
गेंदबाजी पर नजर डाली जाए तो एक बार फिर बड़ी उथल-पुथल देखने को मिली है। वनडे में नंबर वन गेंदबाज का स्थान इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन के पास है। उन्होंने लगातार इस जगह पर दबदबा बनाए रखा है। वह इस समय 795 रेटिंग पॉइंट्स के साथ मौजूद हैं। जबकि गेंदबाजी में भारत की दीप्ति शर्मा दो स्थान की छलांग लगाकर पांचवें नंबर पर आ गई हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

