साउथ अफ्रीका के मैथ्यू ब्रीत्जके ने बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड, वनडे डेब्यू में ठोक दिए 150 रन

न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही ट्राई सीरीज में साउथ अफ्रीका की ओर से डेब्यू कर रहे मैथ्यू ब्रीत्जके ने वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की।
साउथ अफ्रीका के मैथ्यू ब्रीत्जके ने बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड, वनडे डेब्यू में ठोक दिए 150 रन

इस समय पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच ट्राई सीरीज खेली जा रही है, जिसकी मेजबानी पाकिस्तान कर रहा है। पहले मुकाबले में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने थीं, जिसमें न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को बुरी तरह हराया। वहीं, इस सीरीज का दूसरा मुकाबला न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के मैथ्यू ब्रीत्जके ने इतिहास रच दिया और वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया।

दरअसल, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने मैथ्यू ब्रीत्जके को डेब्यू करने का मौका दिया। इसके बाद मैथ्यू ने अपने डेब्यू मैच में इतिहास रच डाला और पहले ही वनडे मैच में 150 रन बना डाले। इसके साथ ही वे दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए, जिन्होंने डेब्यू मैच में डेढ़ सौ का आंकड़ा छुआ।

मैथ्यू ब्रीत्जके ने बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड

न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में मैथ्यू ने 148 गेंदों का सामना किया और 150 रन बनाए। इस जबरदस्त पारी में उन्होंने 11 चौके और 5 छक्के लगाए। बता दें कि मैथ्यू ब्रीत्जके दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने वनडे डेब्यू में इतना बड़ा स्कोर बनाया है। इससे पहले सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के डेसमोंड हेन्स के नाम था, जिन्होंने 1978 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में 148 रन बनाए थे। इसी सूची में रहमनुल्लाह गुरबाज का नाम भी है, जिन्होंने आयरलैंड के खिलाफ 127 रन बनाए थे, लेकिन दोनों बल्लेबाज डेढ़ सौ का आंकड़ा नहीं छू सके थे। वहीं, साउथ अफ्रीका के इस बल्लेबाज ने डेब्यू मैच में ही 150 रन बना डाले।

26 साल के बल्लेबाज ने आक्रामक रूप अपनाया

हालांकि, मैथ्यू ब्रीत्जके ने इस पारी में जबरदस्त खेल दिखाया। उन्होंने जोश में होश नहीं खोया और धीमे अंदाज में संतुलित पारी खेली। दरअसल, उन्होंने अपना शतक पूरा करने के लिए 128 गेंदें लीं, लेकिन सेंचुरी के बाद इस 26 साल के बल्लेबाज ने आक्रामक रूप अपनाया और मात्र 20 गेंदों में 49 रन ठोक डाले। ताबड़तोड़ पारी की बदौलत मैथ्यू ब्रीत्जके 150 रनों के आंकड़े तक पहुंच गए। इस मैच में साउथ अफ्रीका के लिए मैथ्यू ने वियान मुल्डर के साथ मिलकर 131 रनों की साझेदारी की। हालांकि, इससे पहले मैथ्यू ब्रीत्जके ने सिर्फ T20 मैच खेले थे, लेकिन अब उन्होंने वनडे में भी अपनी छाप छोड़ दी है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews