
Tikamgarh News : टीकमगढ़ कलेक्टर अवधेश कुमार शर्मा के चैंबर के बाहर बुधवार की शाम अचानक एक किसान ने जहरीला पदार्थ खा लिया। बताया जा रहा है किसान ने पहले कलेक्टर से मुलाकात की और उसके बाद उनके चैंबर से बाहर आकर जहर खा लिया, किसान की माने तो उसे कलेक्टर ने फटकार दिया था। जानकारी लगते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने तत्काल किसान सचेंद्र कुशवाहा को वहां से जिला अस्पताल पहुंचाया जहां किसान सचेंद्र का इलाज जारी है।
[dgv_vimeo_video id=”922964838″]
यह था मामला
किसान सचेंद्र कुशवाहा की पत्नी राधा कुशवाहा ने कहा है कि कई वर्षो से उसकी जमीन के सीमांकन के लिए उसने तहसील में आवेदन दे रखा है, लेकिन उसके आवेदन की सुनवाई नहीं होती है। इसी को लेकर वह अपने पति सचेंद्र कुशवाहा के साथ टीकमगढ़ तहसीलदार से मिलने गई थी, तो तहसीलदार ने डांट कर उसे भगा दिया। इसके बाद आज देर शाम जब वह टीकमगढ़ कलेक्टर अवधेश शर्मा के पास पहुंची, तो कलेक्टर उससे नाराज हो गए। इसी बात से नाराज होकर सचेंद्र ने जहरीला पदार्थ खा लिया। फिलहाल अभी सचेंद्र कुशवाहा का इलाज जिला चिकित्सालय में जारी है। इस मामले में फिलहाल कलेक्टर ने मीडिया से दूरी बना ली है।
टीकमगढ़ से आमिर खान की रिपोर्ट
