महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं को खास सौगात: महाकाल की नगरी में शुरू होगी डबल डेकर बस, 3 दिन फ्री सफर

महाशिवरात्रि पर लाखों भक्तों के स्वागत की तैयारी, उज्जैन में पहली बार हाईटेक इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस चलेगी। तीन दिन तक श्रद्धालु मुफ्त यात्रा करेंगे, जिससे ट्रैफिक कम होगा और दर्शन यात्रा अधिक आसान बनेगी।
महाकाल की नगरी में शुरू होगी डबल डेकर बस

महाशिवरात्रि आते ही देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए निकल पड़ते हैं। ट्रेन, बस और निजी वाहनों से आने वाली भीड़ के कारण शहर में अक्सर ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रशासन और स्थानीय स्तर पर एक खास पहल की गई है, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा और भी आसान बनने जा रही है।

मध्य प्रदेश की धार्मिक राजधानी कहे जाने वाले उज्जैन में इस बार श्रद्धालुओं को एक नई और आधुनिक सुविधा मिलने वाली है। पहली बार शहर की सड़कों पर हाईटेक इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस चलेगी, जिसमें बैठकर भक्त न सिर्फ मुफ्त सफर करेंगे बल्कि शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक आराम से पहुंच सकेंगे।

हाईटेक डबल डेकर बस से आसान होगी दर्शन यात्रा

महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या आम हो जाती है। इसे देखते हुए एक आधुनिक इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस को शहर में लाया गया है, जो तीन दिनों तक श्रद्धालुओं को मुफ्त सेवा देगी।

यह बस पूरी तरह इलेक्ट्रिक है, यानी इससे प्रदूषण भी नहीं होगा। बस में ऊपर और नीचे दो स्तर पर बैठने की सुविधा है, जिससे अधिक यात्रियों को एक साथ ले जाया जा सकेगा। खास बात यह है कि यह बस शहर के उन रूटों पर चलेगी जहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकाल मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों तक पहुंचते हैं।

बस का इंटीरियर भी काफी आधुनिक है। इसमें आरामदायक सीटें, चौड़े शीशे और सुरक्षित चढ़ने-उतरने की सुविधा दी गई है, ताकि बुजुर्ग और महिलाएं भी आसानी से सफर कर सकें। कई श्रद्धालु इस बस को देखने के लिए भी उत्साहित दिखाई दे रहे हैं।

भक्तों की सुविधा के लिए विशेष पहल

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री मोहान यादव के भाई गोविंद यादव द्वारा यह बस उज्जैन लाई गई है। बताया गया है कि यह बस एक निजी कंपनी की है और महाशिवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए डेमो के तौर पर उपलब्ध कराई गई है।

त्योहार के समय लाखों भक्त बाहर से आते हैं, जिससे शहर के भीतर आवाजाही मुश्किल हो जाती है। ऐसे में यह डबल डेकर बस भीड़ कम करने और लोगों को सुरक्षित व व्यवस्थित यात्रा देने का प्रयास है।

बस का संचालन प्रशासन द्वारा तय किए गए रूटों पर होगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसका लाभ ले सकें। खास बात यह है कि इन तीन दिनों में यात्रियों से कोई किराया नहीं लिया जाएगा।

उज्जैन में जल्द चलेंगी 100 नई इलेक्ट्रिक बसें

इस पहल के साथ एक और बड़ी खबर सामने आई है। शहर के महापौर मुकेश टटवाल ने बताया कि केंद्र सरकार की पीएम बस सेवा योजना के तहत उज्जैन शहर के लिए 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी मिल चुकी है।

इन बसों का संचालन केवल शहर के भीतर ही नहीं, बल्कि आसपास के धार्मिक और प्रमुख क्षेत्रों तक भी किया जाएगा। इससे उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को भविष्य में और बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।

हालांकि इन बसों के पूरी तरह संचालन में थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन यह साफ है कि आने वाले समय में शहर की परिवहन व्यवस्था काफी आधुनिक होने वाली है।

महाशिवरात्रि पर बढ़ती भीड़ और प्रशासन की तैयारी

हर साल महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। कई बार भीड़ इतनी अधिक हो जाती है कि लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता है और शहर में जाम की स्थिति बन जाती है।

इस बार प्रशासन ने भीड़ को संभालने के लिए कई इंतजाम किए हैं। पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, पैदल मार्ग और बस सेवाओं को बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है। डबल डेकर बस इसी तैयारी का हिस्सा मानी जा रही है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews