
Ujjain News: उज्जैन में इन दिनों लगातार चोरी की घटनाएं देखी जा रही है। चोर पुलिस की नाक के नीचे से चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर निकल रहे हैं और पुलिस हाथ पर हाथ धरकर बैठी हुई है। ठंडी रात और पुलिस के सुस्त रवैए के चलते बदमाशों के हौसले बुलंद है और वह लगातार चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बीती रात धन्नालाल की चाल में स्थित एक घर में हुआ। यहां पर सभी घरवाले सो रहे थे इसी का फायदा उठाते हुए चोर ने लाखों रुपए का माल चोरी कर लिया।
नीलगंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली धन्नालाल की चाल में जगदीश वर्मा अपने परिवार के साथ सो रहे थे। करीब 4:30 बजे एक चोर लड़की के भेस में घर में घुसा और अलमारी से 70000 नगदी समेत मंगलसूत्र, अंगूठी, झुमके और चेन अपने साथ लेकर गायब हो गया। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरा में कैद हुई है।
लड़की की ड्रेस में पहुंचा चोर
जगदीश वर्मा उद्योगपुरी में काम करते हैं। उनके घर में सुबह 4 बजे के बाद आराम से लोहे का दरवाजा खोल कर चोर अंदर घुसा। उसने हरे रंग की सलवार कमीज पहन रखी थी और मुंह पर दुपट्टा बांधा हुआ था। सीसीटीवी कैमरा में दिख रहा है कि उसने पहले आसपास रेकी की और फिर घर के अंदर घुस कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चाकू दिखाकर दी धमकी
यह चोर घर में तो चुपचाप घुस गया जिसकी घरवालों को भनक नहीं लगी। लेकिन जब यह चोरी कर रहा था तो इसके हाथ से चाबी गिर गई। कुछ गिरने की आवाज सुनकर वहां पर सो रही प्रभाव वर्मा की नींद खुली। उन्होंने चोर को देखकर ललकारा तो उसने उन्हें चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और मुंह बंद कर घर का गेट बाहर से लगा कर मौके से फरार हो गया।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

