उज्जैन के मोहननगर में गैंग को लेकर एक बार फिर खींचतान देखने को मिली है। दरअसल दुर्लभ कश्यप गैंग के सदस्य डोरेमोन के साथ रहने वाले शिवम नामक युवक के घर पर पहुंचे अनमोल गुर्जर और उसके कुछ साथियों ने जमकर हंगामा किया।
मौके पर पहुंचे बदमाशों ने शिवम के घर के बाहर खड़ी हुई स्कॉर्पियो गाड़ी के कांच फोड़ दिए। घटना का वीडियो के सामने आया है, जिसमें आरोपी गाड़ी को नुकसान पहुंचाते हुए दिखाई दे रहे हैं। ये सारा हंगामा इसलिए किया गया क्योंकि बदमाश चाहते थे कि शिवम डोरेमॉन का साथ छोड़ दे।
ये भी पढ़ें
सुबह का है मामला
यह पूरा घटनाक्रम गुरुवार की सुबह 6 बजे का बताया जा रहा है। यहां अनमोल गुर्जर अपने तीन साथियों के साथ मदनलाल तला के घर पहुंचा।यहां मदनलाल के बेटे शिवम को आवाज लगाई। जब शिवम बाहर निकाला तो अनमोल ने उससे कहा कि वह डोरेमॉन का साथ छोड़ दे। इस पर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इतने में अनमोल और उसके साथियों ने घर के बाहर खड़ी हुई स्कॉर्पियो के कांच फोड़ दिए और धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
सीसीटीवी में कैद घटना
यह पूरा घटनाक्रम आसपास लगे हुए कैमरा में दर्ज हो गया है। इस मामले में चिमनगंज थाना टीआई अशोक पाटीदार में जानकारी देते हुए बताया कि अनमोल और उसके तीन साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज में बदमाश स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ करते दिखाई देते हैं। यह भी बताया गया है कि अनमोल के एक साथी राज की पहचान फुटेज के आधार पर कर ली गई है। इस मामले में पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया है लेकिन फिलहाल किसी को पकड़े जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी के आधार पर अन्य युवकों के बारे में जानकारी निकालने की कोशिश की जा रही है। जांच पड़ताल के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
