26 मवेशियों से भरा ट्रक जब्त, पशु तस्करी की आशंका, चालक और ट्रक मालिक पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस ने जब ट्रक की जांच तो पाया गया कि उसमें कुल 26 मवेशी, जिनमें 9 भैंस और 17 पड़े (भैंस के बच्चे) ठूंस ठूंस कर भरे हुए थे।
Truck loaded with 26 cattle seized in Umaria

Truck loaded with 26 cattle seized in Umaria

उमरिया जिले के पाली थाना अंतर्गत घुनघुटी चौकी पुलिस ने अवैध पशु परिवहन और पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 मवेशियों से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से पशु तस्करों में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि पुलिस को क्षेत्र में अवैध पशु परिवहन की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर घुनघुटी पुलिस ने ग्रीन ढाबा के पास वाहनों की सघन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने नागालैंड पासिंग ट्रक क्रमांक NL01AJ0964 को रोककर तलाशी ली। वाहन की जांच में पाया गया कि उसमें कुल 26 मवेशी, जिनमें 9 भैंस और 17 पड़े (भैंस के बच्चे) लदे हुए थे।

ठूंस ठूंस कर भरीं थीं भैंसें और उसके बच्चे 

प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी सामने आई कि इन मवेशियों को रामनगर से प्रयागराज ले जाया जा रहा था। पुलिस द्वारा दस्तावेजों और परिवहन की स्थिति की जांच करने पर पशु परिवहन नियमों का उल्लंघन पाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वाहन में मवेशियों को निर्धारित मानकों के विपरीत ठूंस-ठूंसकर भरा गया था, जिससे पशुओं के साथ क्रूरता होने की आशंका भी जताई गई।

ट्रक मालिक और चालक पर मामला दर्ज 

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया और संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस टीम की सक्रियता के चलते अवैध पशु परिवहन का एक और मामला उजागर हुआ है। जिले में लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस पशु तस्करी और अवैध परिवहन पर नजर बनाए हुए है।

पशु परिवहन में नियमों का गंभीर उल्लंघन

SDOP शिवचरण बोहित ने बताया कि पशुओं के परिवहन में नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया है। इस मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध पशु तस्करी और नियम विरुद्ध पशु परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध पशु तस्करी पर प्रभावी प्रहार माना जा रहा है। जिलेभर में चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस लगातार निगरानी कर रही है, जिससे ऐसे मामलों पर अंकुश लगाया जा सके और पशुओं के अवैध परिवहन पर रोक लगाई जा सके।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews