उमरिया में प्रसूता की मौत का मामला गरमाया, अंतिम संस्कार के वक्त महिला के दावे से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

उमरिया में प्रसूता की मौत के बाद अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच एक महिला ने प्रसूता की हत्या करने का दावा किया है। जिसके बाद पुलिस ने महिला और उसके पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Umaria News

उमरिया: मध्यप्रदेश के उमरिया जिले से एक हैरान कर देने वाला सामने आया है जहां जिला अस्पताल में इलाज के बाद शहडोल मेडिकल कॉलेज ले जाते समय एक प्रसूता की रास्ते में मौत हो गई। महिला का शव जब गांव लाया गया और अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं तभी अचानक वहां पहुंची एक महिला ने एक ऐसा दावा किया जिससे गांव ही नहीं बल्कि आसपास के इलाकों में तक हड़कंप मच गया।

महिला ने दावा किया कि उसने ही प्रसूता की हत्या की है और बच्चे की मौत का बदला लेने की बात भी कही। महिला के इस दावे के बाद अंतिम संस्कार में मौजूद ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया और मौके पर आक्रोश व अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने पति-पत्नी को हिरासत में लिया

बता दें कि यह पूरा मामला करकेली जनपद पंचायत के अंतर्गत तामन्नारा का है। मामला ज्यादा बढ़ने पर ग्रामीणों ने महिला को बंधक बना लिया और इसकी सूचना तत्काल ही पुलिस और प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जिसके बाद पुलिस ने महिला और उसके पति को हिरासत में लेकर उमरिया कोतवाली लाया गया एवं मामले की जांच शुरू की गई।

प्रसूता की मौत की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल प्रसूता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और बच्चे की हत्या से जुड़े दावे की वास्तविकता क्या है? इन सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस मेडिकल दस्तावेजों के साथ-साथ मौके से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही प्रसूता की मौत के वास्तविक कारण और महिला के दावों की पुष्टि हो सकेगी।

वहीं, घटना के बाद गांव में तनाव और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।

घटना पर उमरिया अपर कलेक्टर का बयान

उमरिया अपर कलेक्टर प्रत्यूष श्रीवास्तव ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि आज दोपहर करीब 12 सूचना मिली कि तामन्नारा में कुछ ग्रामीणों ने एक महिला को बंधक बनाकर रखा है। जिसके बाद पुलिस की सहायता से महिला को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया एवं मृतिका का अंतिम संस्कार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। जादू टोने के आरोपों पर अधिकारी ने कहा कि अभी तक कोई स्थिति स्पष्ट नहीं की सकती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है एवं पूछताछ के बाद ही कारणों को सामने लाया जाएगा।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews