बुलडोजर कार्रवाई के बाद सपा विधायक इकबाल महमूद ने कहा; “जानबूझकर मुझे किया गया बदनाम”

इकबाल महमूद ने सिंचाई विभाग की गूल पर अतिक्रमण किया है। हालांकि, विधायक ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें न तो सिंचाई विभाग ने कोई नोटिस दिया और न ही राजस्व विभाग ने उनसे कोई पूछताछ की।
बुलडोजर कार्रवाई के बाद सपा विधायक इकबाल महमूद ने कहा; “जानबूझकर मुझे किया गया बदनाम”

संभल में शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक इकबाल महमूद के बाग पर प्रशासन द्वारा की गई बुलडोजर कार्रवाई के बाद विधायक ने इसे अपनी बदनामी का प्रयास करार दिया है। रविवार को अपने आवास पर एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में इकबाल महमूद ने कहा कि उनका बाग दो गाटा नंबरों पर स्थित है और बीच में सिंचाई विभाग की गूल है, जिसका उपयोग आसपास के किसान फसलों की सिंचाई के लिए करते हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके बाग का क्षेत्रफल कागजों में दर्ज से कम है और इस कार्रवाई से उन्हें पूरे प्रदेश और देश में बदनाम करने की कोशिश की गई है।

इकबाल महमूद ने कहा कि वह इस मामले में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) से मिलकर अपनी बात रखेंगे और दोबारा जांच की मांग करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया और न ही भविष्य में ऐसा करने का उनका इरादा है। विधायक ने बताया कि वह दो बार मंत्री रहे, लेकिन कभी एक रुपये का भी भ्रष्टाचार नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी जमीन बेची गई है, न कि नई जमीन खरीदी। शनिवार को उन्हें जानकारी मिली कि एसडीएम और तहसीलदार जेसीबी लेकर उनके बाग में पहुंचे थे, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई।

सिंचाई विभाग से कोई नोटिस नही

प्रशासन का दावा है कि इकबाल महमूद ने सिंचाई विभाग की गूल पर अतिक्रमण किया है। हालांकि, विधायक ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें न तो सिंचाई विभाग ने कोई नोटिस दिया और न ही राजस्व विभाग ने उनसे कोई पूछताछ की। उन्होंने बताया कि अधिकारी अचानक उनके बाग में पहुंचे और कार्रवाई शुरू कर दी। इकबाल ने दावा किया कि गूल की चौड़ाई चार मीटर बताई जा रही है, लेकिन माप करने पर यह सवा चार मीटर निकलेगी।

विधायक की छवि खराब करने की साजिश

इस पूरे मामले को लेकर इकबाल महमूद ने प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाए और कहा कि वह इसकी शिकायत करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वह अभी तक एसडीएम से संपर्क नहीं कर पाए हैं। इस कार्रवाई के बाद संभल में इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है, और विधायक ने इसे अपनी छवि खराब करने की साजिश करार दिया है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews