कॉकरोच जनता पार्टी पर ओम प्रकाश राजभर का बड़ा दावा, कहा – ‘इसका चुनाव पर नहीं पड़ेगा असर’, अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कॉकरोच जनता पार्टी पर बड़ा बयान दिया है, दरअसल उन्होंने इसके प्रभाव को नगण्य बताया है और अखिलेश यादव पर भी इस दौरान निशाना साधा है.
कॉकरोच जनता पार्टी पर ओम प्रकाश राजभर का बड़ा दावा, कहा - 'इसका चुनाव पर नहीं पड़ेगा असर', अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

सियासत में इन दिनों सोशल मीडिया पर एक नाम तेजी से वायरल हो रहा है. दरअसल यह नाम है कॉकरोच जनता पार्टी का, जिस पर अब कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने इस नए ‘समूह’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि इसमें सभी विचारधाराओं के लोग शामिल हैं, लेकिन इसका चुनाव पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा. राजभर ने इसके साथ ही समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला है, उनका दावा है कि अखिलेश ने इस पार्टी के उदय के साथ ही उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की लड़ाई से खुद को बाहर मान लिया है.

दरअसल कॉकरोच जनता पार्टी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है, और इस पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी थमने का नाम नहीं ले रही हैं. इसी कड़ी में यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर का भी बयान सामने आया है, जिसने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है. उन्होंने एक मीडिया चैनल से बातचीत करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी की प्रकृति को स्पष्ट किया. राजभर ने कहा कि, “यह सोशल मीडिया पर युवाओं की एक सहज प्रतिक्रिया है, एक ऐसा समूह जिसमें गुस्साए युवा शामिल हैं. इसमें किसी एक विशेष दल के नहीं, बल्कि सभी दलों और विचारधाराओं के युवा शामिल हैं.” उन्होंने आगे बताते हुए कहा कि इन युवाओं में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस पार्टी, समाजवादी पार्टी और अन्य छोटे-बड़े दलों से जुड़े युवा भी सम्मिलित हैं, जो मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य से असंतुष्ट हैं.

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

दरअसल कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कॉकरोच जनता पार्टी के चुनावी प्रभाव को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने साफ तौर पर कहा, “इन युवाओं की उम्र मुख्य रूप से 15 से 16 वर्ष के आसपास है, यही वजह है कि राजनीतिक और वोटिंग के रूप में इसका सीधा प्रभाव नहीं पड़ेगा.” हालांकि, उन्होंने इस दौरान एक हैरान करने वाला दावा भी किया. राजभर के अनुसार, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कॉकरोच जनता पार्टी के अस्तित्व को स्वीकार करते हुए यह मान लिया है कि वह उत्तर प्रदेश के चुनाव से बाहर हो चुके हैं. राजभर ने अखिलेश के एक सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने लिखा है ‘BJP vs CJP’, जिसका सीधा तात्पर्य है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव यह स्वीकार कर चुके हैं कि वह उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव की लड़ाई में कहीं भी नहीं हैं, और यह मुकाबला अब भाजपा और कॉकरोच जनता पार्टी के बीच सिमट कर रह गया है.

क्या है कॉकरोच जनता पार्टी?

बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी नाम का यह सोशल मीडिया अकाउंट पिछले हफ्ते ही बनाया गया था और इसने देखते ही देखते लोकप्रियता हासिल कर ली. हालांकि, गुरुवार (21 मई) को इसके एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर रोक लगा दी गई थी, जिसके बाद इसके संस्थापक अभिजीत दीपके ने तुरंत ‘कॉकरोच इज बैक’ नाम से एक नया हैंडल बना दिया. एक्स पर भले ही इस अकाउंट पर प्रतिबंध लगा दिया गया हो, लेकिन इंस्टाग्राम पर कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोअर्स की संख्या चौंकाने वाली है. जहां भारतीय जनता पार्टी के 8.9 मिलियन और कांग्रेस पार्टी के 13.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं, वहीं कॉकरोच जनता पार्टी ने इन दोनों प्रमुख दलों को पीछे छोड़ते हुए 17.1 मिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा छू लिया है, जो सोशल मीडिया पर इसकी जबरदस्त पहुंच और लोकप्रियता को दर्शाता है.

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews