मेरठ में रामभद्राचार्य की कथा आयोजकों पर गंभीर आरोप, टेंट कारोबारी का दावा- 42 लाख रुपये हैं बकाया

कथा का आयोजन मेरठ के भामाशाह पार्क में हुआ था। इसके लिए सौदा महामंडलेश्वर मां लाडली सरस्वती के माध्यम से तय हुआ था। अग्रवाल के अनुसार, भुगतान की जिम्मेदारी भी उन्हीं की थी।
मेरठ में रामभद्राचार्य की कथा आयोजकों पर गंभीर आरोप, टेंट कारोबारी का दावा- 42 लाख रुपये हैं बकाया

मेरठ में आयोजित जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य की रामकथा के आयोजकों पर गंभीर आरोप लगा है। गाजियाबाद के टेंट कारोबारी अनुज अग्रवाल ने 42 लाख रुपये का भुगतान न करने का दावा किया। अग्रवाल की कंपनी एबी इमीग्रेशन एक्टिविटी ने कथा के लिए पंडाल का काम संभाला था। कुल 87 लाख रुपये के सौदे में से 45 लाख रुपये का भुगतान हो चुका है, लेकिन बाकी राशि के लिए आयोजकों से बार-बार संपर्क करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला।

अनुज अग्रवाल ने बताया कि आयोजक, जो दिव्य शक्ति ट्रस्ट से जुड़े हैं, अब उनसे संपर्क करने से कतरा रहे हैं। उन्होंने सुनील शुक्ला और संतोष शुक्ला जैसे लोगों से बात करने की कोशिश की, लेकिन फोन न उठाने और उनके निवास पर सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोके जाने की शिकायत की। अग्रवाल ने यह भी खुलासा किया कि मेरठ के स्थानीय वेंडरों का भी भुगतान बकाया है, जिसके चलते उनका सामान अभी भी आयोजन स्थल पर अटका हुआ है।

मेरठ के भामाशाह पार्क में आयोजन

कथा का आयोजन मेरठ के भामाशाह पार्क में हुआ था। इसके लिए सौदा महामंडलेश्वर मां लाडली सरस्वती के माध्यम से तय हुआ था। अग्रवाल के अनुसार, भुगतान की जिम्मेदारी भी उन्हीं की थी। सौदे के तहत पहली किश्त के रूप में 4 तारीख को 20 लाख रुपये और बाद में 25 लाख रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन शेष 42 लाख रुपये अब तक नहीं मिले।

बकाया राशि दिलवाने की अपील

अनुज अग्रवाल ने प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप करने और बकाया राशि दिलवाने की अपील की है। उन्होंने आयोजकों पर गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल रहा। यह मामला अब स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है और लोग प्रशासन से इस पर त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews