दिन में निशाना, रात में मोदी और योगी को गुलदस्ता देते हैं, अखिलेश पर बरसे राजभर

राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव रात के अंधेरे में मोदी और योगी जी को गुलदस्ता देते हैं। और कहते हैं कि जान बची रहे, लेकिन दिन में भाजपा के खिलाफ बोलते हैं।
दिन में निशाना, रात में मोदी और योगी को गुलदस्ता देते हैं, अखिलेश पर बरसे राजभर

उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों बिहार विधानसभा चुनाव की आहट महसूस हो रही है। विपक्ष लगातार बीजेपी सरकार पर हमलावर है, तो सत्ता पक्ष के नेता भी पलटवार करने में पीछे नहीं हैं। बलिया में शनिवार को पहुंचे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

अखिलेश यादव का तंज

राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव रात के अंधेरे में मोदी और योगी जी को गुलदस्ता देते हैं और कहते हैं कि जान बची रहे, लेकिन दिन में भाजपा के खिलाफ बोलते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। बोले,

“यूपी में कांग्रेस का जनाधार खत्म हो चुका है। कांग्रेस सिर्फ सपा के जरिए यूपी में जिंदा रहना चाहती है।”

राहुल गांधी के वोटर लिस्ट में गड़बड़ी वाले बयान पर राजभर ने कहा कि अब उनके बयान का मजाक बनकर रह गया है।

बिहार में लड़ने की जताई इच्छा

ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर साफ कर दिया कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में है। उन्होंने कहा,

“अगर एनडीए के साथ गठबंधन नहीं हुआ तो अलग मोर्चा बनाकर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेंगे। इससे यूपी में मेरे मंत्री पद को कोई खतरा नहीं होगा। मुझे पद का कोई लालच नहीं है।”

बलिया के नवानगर में पार्टी की समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने यह बयान दिया। राजभर ने कहा कि बिहार में अलग चुनाव लड़ने से भी यूपी में एनडीए के साथ रिश्तों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

पुराने अनुभव का जिक्र

राजभर ने बताया कि 2007 में उन्हें चुनाव लड़ने से रोका गया था। इसके बाद हुए उपचुनाव में उनकी पार्टी की हार का हवाला देते हुए उन्हें दोबारा चुनाव में उतरने से मना किया गया। उन्होंने कहा कि इस बार अगर 2025 में बिहार में गठबंधन नहीं होता तो वे जरूर अपना मोर्चा बनाकर चुनाव लड़ेंगे।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews