यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को अचानक चक्कर आने और बेहोश होने के बाद लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। जानकारी के मुताबिक अजय राय दिन में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे जहां उन्होंने शिक्षकों और डॉक्टरों से बातचीत की। इसी दौरान उन्हें बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत हुई।
वहीं कार्यक्रम खत्म होने के बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। जिसके बाद तुरंत उन्हें मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को कंट्रोल में बताया है लेकिन अभी भी निगरानी जारी है।
कब और कैसे बिगड़ी तबीयत?
दरअसल अजय राय की तबीयत बिगड़ने की घटना लगातार व्यस्त कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के दौरान हुई। दिनभर की मीटिंग और भाषण के बाद अचानक उनकी तबीयत खराब हुई। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें सीने में दर्द, चक्कर और कमजोरी महसूस हुई थी जो अक्सर ओवरवर्क या तनाव के कारण भी हो सकता है। हालांकि इस घटना के बाद कांग्रेस के कई नेता अस्पताल पहुंचे और उनका हाल जाना। पार्टी के अंदर भी इस खबर को लेकर चिंता का माहौल है। फिलहाल डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है और कुछ जरूरी टेस्ट भी किए जा रहे हैं ताकि किसी बड़ी समस्या की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ है। मैं उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।@kashikirai
— Narendra Modi (@narendramodi) May 1, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तुरंत प्रतिक्रिया दी
वहीं अजय राय की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तुरंत इसपर प्रतिक्रिया दी। दरअसल उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। PM मोदी ने कहा – “उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ है। मैं उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” वहीं दूसरी ओर अजय राय ने बीमार होने से कुछ समय पहले ही कमर्शियल एलपीजी की बढ़ती कीमतों पर सरकार को घेरा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि चुनाव खत्म होते ही कीमतें बढ़ा दी गईं जिससे आम लोगों पर बोझ बढ़ा है। उनके इस बयान के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर आने से राजनीतिक चर्चा और तेज हो गई।






