लखनऊ में ‘पुलिस मंथन 2025’ का समापन, मुख्यमंत्री योगी ने की पुलिस बल की सराहना, अधिकारियों को किया सम्मानित

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 27 दिसंबर से आयोजित दो दिवसीय ‘पुलिस मंथन 2025’ सम्मेलन का आज 28 दिसंबर को समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की।
CM Yogi Adityanath

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 27 दिसंबर से आयोजित दो दिवसीय ‘पुलिस मंथन 2025’ सम्मेलन का आज 28 दिसंबर को समापन हुआ। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि आज देशभर में उत्तर प्रदेश पुलिस के यूपी मॉडल की चर्चा हो रही है। उन्होंने पुलिस मंथन जैसे अभिनव प्रयास के लिए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने पदक अलंकरण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कार्मिकों को सम्मानित किया। उन्होंने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस की भूमिका अहम है और जनता का विश्वास बनाए रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। सीएम योगी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, आधुनिक और संवेदनशील बनाने में मदद मिलती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस मंथन से निकले सुझाव प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करेंगे।

कानून व्यवस्था पर जनता का विश्वास बढ़ा- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 8 वर्षों में कानून का राज स्थापित होने से जनता का विश्वास बढ़ा है। कानून व्यवस्था में सुधार होने से प्रदेश का माहौल बदला है। इसलिए जरूरी है कि सिपाही से लेकर जोन अफसर तक सीधे जनता से संवाद करें।

उन्होंने कहा, कानून का राज ही वह आधार है, जिसने यूपी में लोगों के मन से असुरक्षा का भाव दूर किया और विश्वास का वातावरण बनाया। यहां सुरक्षा और कानून का राज है, इसलिए प्रदेश निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन भी बना है। कानून का राज ही विश्वास पैदा करता है और लोकतंत्र को मजबूत बनाता है।

विजन 2047 के लिए स्मार्ट पुलिसिंग का रोडमैप तैयार- सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ और ‘विजन 2047 – विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए किस प्रकार की पुलिस व्यवस्था चाहिए, इस दिशा में पिछले दो दिनों में जो रोडमैप तैयार किया गया है, वह अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने स्मार्ट पुलिसिंग का एक विजन देश को दिया था। स्ट्रिक्ट एंड सेंसिटिव, मॉडर्न एंड मोबाइल, अलर्ट एंड अकाउंटेबल, रिलायबल एंड रिस्पांसिव, टेक्नोसेवी एंड ट्रेंड हर पुलिस अधिकारी और हर कार्मिक को इसे अपने जीवन का मंत्र बनाना चाहिए।

अधिकारी अपने व्यवहार से विश्वास कायम करें- सीएम योगी

सीएम योगी ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि मैं अलग-अलग तबके से बात करता हूं। अच्छे पुलिस अधिकारी का स्थानांतरण होता है तो आमजन सिफारिश करते हैं कि अच्छा अधिकारी था, लेकिन जब गलत व्यक्ति को हटाया जाता है तो पब्लिक हमें धन्यवाद देती है कि इस बला को टाल दिया। हम दोनों स्थितियों को फेस करते हैं और आमजन से कहते हैं कि अच्छे अधिकारी को दूसरी जगह भी काम करना चाहिए। अन्य जगहों पर भी अच्छाई का लाभ मिले। प्रयास करना चाहिए कि अपने आचरण और व्यवहार से उसे और सुदृढ़ करें।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews