Hindi News

यूपी में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में सब्सिडी घोटाला; बैंक मैनेजर सहित 6 लोगों पर मामला दर्ज, कार्रवाई शुरू

Written by:Saurabh Singh
Published:
घोटाला तब सामने आया जब 20 लाभार्थियों के लिए दी जाने वाली सरकारी सब्सिडी में अनियमितता की जानकारी जिला उपायुक्त उद्योग को मिली। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मामले की जांच की मांग की थी।
यूपी में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में सब्सिडी घोटाला; बैंक मैनेजर सहित 6 लोगों पर मामला दर्ज, कार्रवाई शुरू

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 71 लाख रुपये की सब्सिडी घोटाले के मामले में सख्त कार्रवाई की गई है। यूको बैंक के तत्कालीन प्रबंधक प्रवेंद्र कर्दम समेत छह लोगों के खिलाफ थाना उत्तर में बुधवार को मुकदमा दर्ज किया गया। जिला उपायुक्त उद्योग संध्या की शिकायत पर जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए थे, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई।

घोटाला तब सामने आया जब 20 लाभार्थियों के लिए दी जाने वाली सरकारी सब्सिडी में अनियमितता की जानकारी जिला उपायुक्त उद्योग को मिली। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मामले की जांच की मांग की थी। एडीएम वित्त एवं राजस्व विशु राजा की अध्यक्षता में गठित जांच कमेटी ने आरोपों की पुष्टि की, जिसके बाद जिलाधिकारी ने दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। जांच में सब्सिडी राशि के दुरुपयोग की बात सामने आई।

विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज

सहायक आयुक्त उद्योग गणेश चंद्र ने थाना उत्तर में तहरीर देकर यूको बैंक के तत्कालीन प्रबंधक प्रवेंद्र कर्दम, फील्ड ऑफिसर धीरेंद्र प्रताप सिंह, रिकवरी एजेंट सौरभ गुप्ता, उनके साथी दीपांशु तिवारी, सहयोगी राजेश कुमार और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। थाना प्रभारी संजुल पांडेय ने बताया कि विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू हो चुकी है।

दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को दी जाने वाली सरकारी सहायता के दुरुपयोग को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह की अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Saurabh Singh
लेखक के बारे में
राजनीति में गहरी रुचि. खबरों के विश्लेषण में तेज और राजनीतिक परिस्थितियों की समझ रखते हैं. देश-दुनिया की घटनाओं पर बारीक नजर और फिर उसे खबरों के रूप में लिखने के शौकीन हैं. View all posts by Saurabh Singh
Follow Us :GoogleNews