डबल इंजन सरकार में भ्रष्टाचार और अराजकता का बोलबाला, स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीजेपी पर साधा निशाना

शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए मौर्य ने कहा कि सरकार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। हर 400-500 मीटर पर शराब की दुकानें खुल रही हैं, जबकि सरकारी स्कूल बंद किए जा रहे हैं।
डबल इंजन सरकार में भ्रष्टाचार और अराजकता का बोलबाला, स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीजेपी पर साधा निशाना

अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीजेपी की डबल इंजन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। मौर्य ने आरोप लगाया कि अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जबकि सरकार उनकी कार्रवाई के बजाय बचाव कर रही है।

बलिया में पत्रकारों से बातचीत में मौर्य ने कहा कि बीजेपी सरकार बदले की भावना से काम कर रही है और विरोधियों के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई कर रही है। उन्होंने योगी सरकार पर बुलडोजर को सरकारी गुंडागर्दी का प्रतीक बताया और कहा कि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य देने का वादा खोखला साबित हुआ है। साथ ही, उन्होंने मोदी सरकार पर सरकारी प्रतिष्ठानों को बेचकर उद्योगपतियों को मालामाल करने का आरोप लगाया।

बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़

शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए मौर्य ने कहा कि सरकार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। हर 400-500 मीटर पर शराब की दुकानें खुल रही हैं, जबकि सरकारी स्कूल बंद किए जा रहे हैं, जिससे 6 से 14 साल के बच्चों को मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की ताकि सभी बच्चों को एकसमान शिक्षा मिल सके।

बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई का मुद्दा

स्वामी प्रसाद मौर्य ने छुट्टा पशुओं की समस्या, बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं का भी उत्पीड़न हो रहा है और देश बदहाल स्थिति में है। मौर्य ने दावा किया कि 2027 में बीजेपी सरकार की विदाई तय है और इसके लिए वह प्रदेशभर में जनता को जागरूक करने के लिए भ्रमण कर रहे हैं।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews