Hindi News

गाजीपुर में भाजपाइयों पर लाठीचार्ज का मामला गरमाया, सीएम योगी ने दिए SIT जांच के आदेश

Written by:Saurabh Singh
Published:
मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को गाजीपुर भाजपा के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, जिला प्रभारी डॉ. राकेश त्रिवेदी और पूर्व जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने सीएम योगी से मुलाकात की।
गाजीपुर में भाजपाइयों पर लाठीचार्ज का मामला गरमाया, सीएम योगी ने दिए SIT जांच के आदेश

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज और एक कार्यकर्ता की मौत के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। इस घटना में शामिल नोनहरा थानाध्यक्ष सहित 6 पुलिसकर्मियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। अब सीएम ने पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठन का आदेश दिया है, जिसमें दूसरे जिले के एसपी स्तर के अधिकारी शामिल होंगे।

पिछले सोमवार को गाजीपुर के नोनहरा थाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिजली के खंभे लगाने के विरोध में धरना दिया था। इस दौरान देर रात बिजली काटकर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें दिव्यांग कार्यकर्ता सियाराम उर्फ जोखू उपाध्याय की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

भानू प्रताप सिंह ने सीएम योगी से की मुलाकात

मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को गाजीपुर भाजपा के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, जिला प्रभारी डॉ. राकेश त्रिवेदी और पूर्व जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने सीएम योगी से मुलाकात की। करीब 30 मिनट की चर्चा में सीएम ने घटना की पूरी जानकारी ली और डीजीपी राजीव कृष्ण को SIT जांच के निर्देश दिए। योगी ने आश्वासन दिया कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छह पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

घटना के बाद स्थानीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए छह पुलिसकर्मियों को निलंबित और पांच को लाइनहाजिर किया। साथ ही, डीएम अविनाश कुमार ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। सीएम ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया है और कहा है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।